Saturday, January 7, 2017

मदन मोहन मालवीय - करोड़ों के भूखे रहते भोजन कैसे करूं?

- वीर विनोद छाबड़ा
मास्टर गंगा प्रसाद शर्मा की पोटली किस्से कहानियों से भरी रहती थी। उसी में की एक कथा मुझे भी याद है।
उन्होंने बताया था कि वाराणसी के एक बड़े धनाढ्य सेठ ने विशाल भोज का आयोजन किया। वाराणसी शहर के तमाम रईस और सम्मानित बुद्धिजीवी आमंत्रित किये गए।
पंडित मदन मोहन मालवीय जी बहुत बड़ी हस्ती थे। अतः सेठजी स्वयं न्यौता देने मालवीय जी के निवास पर पधारे। और उनसे भोज में शामिल होने की करबद्ध प्रार्थना की।
मालवीय जी बड़ी आत्मीयता से निमंत्रण पत्र स्वीकार कर लिया। परंतु भोज में उपस्थित होने में असमर्थता प्रकट की।
सेठ जी ने पुनः आग्रह किया।
लेकिन मालवीय जी ने विनम्रता से मना कर दिया। उन्होंने कहा - मेरे देश में करोड़ों लोग आधा पेट खाकर गुज़ारा करते हैं। अनेक तो भूखे ही सो जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में मेरा दिल नहीं मानता कि मैं ऐसे भोज समारोह में शामिल होऊं, जहां नाना प्रकार के व्यंजन हों। यों भी स्वादिष्ट भोजन मेरे गले नहीं उतरता। मैं सादा भोजन करता हूं और उतना ही करता हूं जितना शरीर के लिए आवश्यक होता है।

Friday, January 6, 2017

मेरी, मित्र और टिंगू की तिकड़ी

-वीर विनोद छाबड़ा
शायद ही ऐसा कोई दिन गुज़रा हो कि मैं मित्र के घर गया और उनका पैमेरियन टिंगू मुझे सोफ़े पर विराजमान न मिला हो।
मित्र चलने-फिरने से लाचार हैं। वो टिंगू को उस जगह से हटने का आदेश देते हैं। वो हट जाता है। मित्र मुझसे अनुरोध करते हैं - बैठो।
मैं टिंगू द्वारा रिक्त स्थान पर न बैठ कर थोड़ा हट कर बैठता हूं। मैं जैसे ही बैठता हूं वो उछल कर मेरे पास बैठ जाता है। कभी-कभी सर गोदी में रखने की कोशिश भी करता है। मैं उसे परे करने की कोशिश करता हूं। मुझे कुत्तों से डर लगता है। बचपन में तीन-चार बार काटा है मुझे नासपीटे कुत्तों ने।

मित्र मुझसे बात करने लगते हैं। बीच-बीच में 'टिंगू गुड बच्चा' कहते हुए उसे वहां से चले जाने के लिए भी कहते रहते हैं। कभी कभी मुझे लगता है कि मुझे जाने को कह रहे हैं। लेकिन न टिंगू वहां से जाता है और न मैं। वो मेरी बगल में ही बैठा रहता है। मुझसे सटता जाता है। और मैं अपने में सिमटता रहता हूं। जितनी मुझे टिंगू से नफ़रत है, उतनी ही उसको मुझसे मुहब्बत है। जब तक मैं हूं वो नहीं जाएगा।
बीच बीच में थोड़ी देर के लिए मित्र का ध्यान मुझसे बिलकुल हट कर टिंगू की तरफ चला जाता है। फिर वो मुझसे बात करने लगते हैं। लेकिन मुझे अहसास होता है कि मित्र मुझे टिंगू समझ कर बात कर रहे हैं। मित्र बताते हैं कि अभी थोड़ी देर पहले टिंगू नीचे ही बैठा था। तुम्हारे आने की आहट से ये अलर्ट हो गया। और सोफ़े पर उस जगह विराजमान हो गया, जहां तुम अक्सर आकर बैठते हो। हर बार ऐसा ही करता है। टिंगू ऐसा क्यों करता है मालूम नहीं? सच तो यह है कि  इसका अलर्ट होना तुम्हारे आगमन का सूचक है।
इस तरह उन्होंने मेरा टिंगू से रिश्ता कायम कर दिया। मैंने कभी सपने में भी न सोचा था कि मुझे कुत्ते के अलर्ट होने से पहचाना जाएगा। चलो अच्छा ही हुआ। एक हमारी पत्नी है। अपने घर में दस बार दरवाज़ा पीटता हूं तब भी पूछती है - कौन है? कौन है?
बहरहाल, मित्र बातें करते रहते हैं। कारगिल पर बात शुरू करते हैं। मगर ध्यान किंगू की ओर है। जाने कब वो कारगिल को छोड़ टिंगू पर आ जाते हैं । वो बताते हैं कि रात भर सोने नहीं दिया इसने। ठडंक बहुत थी। अपनी रज़ाई में पनाह दी। रूम हीटर चलाया। तब कहीं इसे चैन पड़ा। जब भी मित्र के घर जाता हूं, बात-चीत का एक तिहाई हिस्सा टिंगू से संबंधित रहता है। उसका खान-पान, मनुहार, मचलना। बाहर घूमने की ज़िद। तैयार होते देख विचलित होना। शादी आदि समारोह में जाने से पहले दरवाज़े के पर्दे ऊंचे करने पड़ते हैं, अन्यथा टिंगू नाराज़ होकर फाड़ देगा। लखनऊ से बाहर जाते हैं तो टिंगू भी साथ जाता है। कानपुर, उन्नाव, तिर्वा, कन्नौज, दिल्ली आदि कई शहर घूम चुका है। टिंगू की इन विशेषताओं के बारे में मित्र कई बार बता चुके हैं।
अब मैं भी टिंगू का आदी हो गए हूं। अब वो मेरी गोदी में सर रखता है तो मुझे ख़राब नहीं लगता। मैं कभी कभी उसका सर भी सहला देता हूं। वो आंख बंद कर शुक्रिया अदा करता है। एक तरह से टिंगू, मेरी और मित्र की तिकड़ी बन गयी। इसका अहसास मुझे तब हुआ जब एक दिन मुझे टिंगू नहीं दिखा। कुछ देर तक मैंने परवाह नहीं की। कहीं इधर उधर घूम रहा होगा। लेकिन उसकी अनुपस्थिति को ज्यादा देर तक बर्दाश्त नहीं कर पाया। पूछ ही लिया - टिंगू कहां है?
मित्र बोले - बाहर गया है, पॉटी करने।
अचानक मुझे ध्यान आता है मेरे घर की ऐन एंट्री पॉइंट पर कुत्ते की जिस पॉटी के हर सुबह दर्शन होते हैं वो इसी नासपीटे टिंगू की तो नहीं। मैं मित्र से पूछता हूँ तो वो ज़ोर से हंसते हैं - संभव है।
कई बरस गुज़र गए। टिंगू बारह साल का हो गया है। उसकी सजगता पहले से कमजोर ढीली पड़ गयी है। मित्र मज़ाक करते हैं - ओवरटाईम पर चल रहा है।

Thursday, January 5, 2017

संतोष धन सबसे बड़ा धन

-वीर विनोद छाबड़ा
एक सम्पन्न देश के राजा को अचानक ख्याल आया कि जानना चाहिए कि प्रजा वास्तव में सुखी है कि नहीं। पहले उसने सोचा कि गुप्तचर विभाग को यह काम दिया जाए। लेकिन रानी ने सलाह दी कि आप स्वयं ही पता करें तो बेहतर होगा। हो सकता है कि गुप्तचर गलत सूचना दें। क्योंकि इतिहास में लिखा है कि पूर्णतया गुप्तचरों की सूचना पर विश्वास करने से कई राज्यों का पतन हुआ। राजा को रानी की सलाह ठीक लगी। उसने के राहगीर का वेश धारण किया और प्रजा का हाल-चाल जानने निकल पड़ा।

राजा एक गरीब बस्ती में पहुंचा। उसने सबसे गरीब दिखने वाले घर का किवाड़ खटखटाया।
वो एक कवि का घर था। राजा बने राहगीर ने पीने के लिए पानी मांगा। कवि ने उन्हें पानी पिलाया।
फिर कवि ने बेटी को आवाज़ दी - दर्पण लाना। मुझे टीका लगाना।
परंतु बेटी की गलती से दर्पण नीचे गिर कर टूट गया।
कवि ने शांत चित्त से कहा - कोई बात नहीं।
तभी कवि ने देखा कि घर के एक कोने में टूटे घड़े में पानी जमा है। कवि ने उस जमा पानी में अपनी परछाईं देख कर टीका लगा लिया।
राजा बना राहगीर बहुत प्रभावित हुआ। उसने कहा - चित्त बहुत प्रसन्न हुआ। अब जाने की आज्ञा दें।
कवि ने उन्हें विनम्रतापूर्वक विदा किया।
अगले दिन राहगीर का वेश उतार कर राजा उस कवि के घर पहुंचा।
राजा ने कवि को रत्न जड़ित दर्पण भेंट किया।
कवि ने राजा को पहचान लिया - ओह, तो वो राहगीर आप हैं।

Wednesday, January 4, 2017

राजेश खन्ना के साथ काम नहीं करना नहीं चाहती थीं आशा पारेख

-वीर विनोद छाबड़ा
१९६७ की बात है यह। यह वो दौर था जब राजेश खन्ना को कोई नहीं पूछता था। नासिर हुसैन कम बजट की ब्लैक एंड व्हाईट में एक 'क्विकी' बनाना चाहते थे। शायद कुछ पैसा भी बन जायेगा। नाम रखा - बहारों के सपने। हीरो का सवाल उठा। नज़र पड़ी काम की तलाश में भटक रहे नए-नए हीरो राजेश खन्ना पर। उनके पास तो डेट ही डेट थीं। 
लेकिन नायिका आशा पारेख असहज गयीं। मैं बहुत सीनियर और एस्टेब्लिश आर्टिस्ट हूं। उम्र में भी दो महीने बड़ी। इस नए-नए लौंडे की हीरोइन बनूं? मार्किट में वैल्यू गिर जायेगी। उन दिनों सबसे महंगी हीरोइन होती थी आशा। तीन लाख प्रति फ़िल्म। आज के तीन करोड़। 
लेकिन नासिर हुसैन ने आशा को समझाया। लड़का बहुत टैलेंटेड है। हज़ारों में से चुना गया है। यों समझो लाखों में एक है।
नासिर हुसैन कहें और आशा न माने, ये हो ही नहीं सकता था। खैर, 'बहारों के सपने' बनी और पिट गयी। अब यह बात दूसरी है कि कुछ ही महीनों के बाद बाज़ी पलट गयी। राजेश खन्ना सुपर स्टार हो गए। अब राजेश आगे-आगे और आशा पीछे-पीछे। आशा संग तीन और फ़िल्में बनीं - कटी पतंग और आन मिलो सजना। धर्म और कानून में राजेश खन्ना की दोहरी भूमिका थी। बाप और बेटे की यानी आशा पारेख एक राजेश खन्ना की पत्नी और दूसरे की मां।

हालांकि राजेश खन्ना की पहली साईन फिल्म 'राज़' थी और पांच-छह साल छोटी नायिका बबिता। मगर फिल्म की रिलीज़ में देर हो गयी और चेतन आनंद की 'आख़री ख़त' पहले आ गयी। उसकी नायिका थी इंद्राणी मुख़र्जी। इंद्राणी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि शुरू में राजेश बहुत शर्मीले और असहज थे क्योंकि मैं उससे उम्र में चार साल बड़ी थी और फिल्मों में बहुत सीनियर भी। मगर जल्दी ही मैंने उसे दोस्त बना लिया। बाद में वो बड़ा स्टार बन गया। मैं खुशकिस्मत हूं कि उसकी पहली नायिका मैं थी।
असित सेन की ख़ामोशी (१९६९) भी शुरुआती दौर की फ़िल्म थी। नायिका वहीदा रहमान थी, राजेश से चार साल बड़ी और बहुत सीनियर। आराधना में राजेश की नायिका शर्मीला टैगोर थीं जो उनसे उम्र में दो साल छोटी ज़रूर थी लेकिन प्रोफेशन में बहुत सीनियर थीं। राजेश खन्ना को बहुत सावधान रहना पड़ा। और आराधना की रिलीज़ के बाद तो तख्ता ही पलट गया। सुपर स्टार बन गए राजेश खन्ना।

Tuesday, January 3, 2017

हिंदी और हिंदी टंकण मशीन।

-वीर विनोद छाबड़ा
एक ज़माना था जब हमारे विभाग में अंग्रेज़ी का बोलबाला था। काम-काज की भाषा अंग्रेज़ी थी।
दस रैमिंगटन अंग्रेज़ी टंकण मशीन के पीछे एक जीर्ण-शीर्ण हिंदी मशीन। इक्का दुक्का हिंदी टंकण जानने वाले और वे भी मशीन की तरह टूटे-फूटे और बीमार से दिखते। हिंदी की दुर्दशा के प्रतीक। 
बाद में इनमें हम भी शामिल हो गए।
हिंदी टंकण हमने गर्मियों की छुट्टी में सीखा था। तब हम इंटर फर्स्ट ईयर में थे। उन दिनों रिवाज़ था कि गर्मी की छुट्टी हुई नहीं कि टाईप कॉलेज में बैठा दिया। आगे चल कर टाईपिस्ट की नौकरी मिल जाएगी। और कुछ नहीं तो बच्चा कचेहरी के बाहर सेकंड हैंड टाईपराइटर लेकर बैठ जायेगा तो अर्जियां टंकित करने का काम मिल जायेगा।
अंग्रेज़ी की तुलना में हिंदी टंकण दुरूह कार्य था। लेकिन हमें अंग्रेज़ी की बजाये हिंदी टंकण में आनंद मिला। अपने लेख टंकित हो जाते।
यह हिंदी टंकण ही था जिसके कारण हमें नौकरी मिली। हुआ यों कि लिखित परीक्षा तो आसानी से पास कर ली, हिंदी टंकण भी। सबसे सरल अंग्रेज़ी टंकण में फेल हो गए। लेकिन फिर भी नौकरी मिली। इसलिए कि हिंदी टंकण में पास थे, हमारे साथ तीन और भी। बाकी सब फेल। और विभाग को हिंदी टंककों की अति आवश्यकता थी।रख लिए गए इस शर्त के साथ कि अंग्रेज़ी टंकण परीक्षा बाद में पास करनी होगी।
हिंदी टंकण के इस ज्ञान का विभाग ने ही नहीं साथियों ने भी भरपूर लाभ उठाया। अपना काम हमसे करवाया।

Monday, January 2, 2017

हम, कल और नया साल।

-वीर विनोद छाबड़ा
नया साल। बड़ी उमंगें और आशाएं भी। अंबर झूम कर नाचेगा और धरती सोना उगलेगी। लेकिन ढाक के तीन पात। सरकार किसान और गरीब की गठरी के पीछे ही पड़ी रही। हमने भी कद्दू में तीर मारने का कई बार संकल्प लिया। मगर किया कुछ नहीं। आज नहीं कल करेंगे। इसी में साल दर साल गुज़र गए। पत्नी का बड़बड़ाती है कि अंग्रेजों के चोंचले हैं सब। आज और कल में फ़र्क क्या आता है? कल शनिचर था और आज इतवार। जमा पर ब्याज तो बढ़ नहीं गया। कल रजाई से निकल कर भयंकर ठंड में कुड़कुड़ाते हुए दूध लेने गए थे और नए साल के पहले दिन भी वही किया। उल्टा कुकुर ने दौड़ा दिया। कोहरे में कुछ दिखा नहीं। उसकी पूंछ पर पैर पड़ गया।   
हमें याद है कि जब हम यूनिवर्सिटी में थे तो बड़े-बड़े ख्वाब देखते थे। हमारे एक मित्र हर साल की पहली तारीख़ को संकल्प लेते थे कि आईएएस बनेंगे और फिर कलेक्टर। मगर उन्हें लड़कियों को देखने से फ़ुरसत ही नहीं मिली। बाबू बन कर रह गए और साथ में हमें भी बनवा दिया।

यों भी हमारा जीवन प्रारंभ से ही चुनौतियों से भरा रहा। उम्र भर नमक का हक़ पूरा का पूरा अदा किया। छत्तीस साल तक गधों की तरह काम किया। ईमानदारी अपने डीएनए में भी रही। हमने खुद कभी नहीं खाया, लेकिन दूसरों को नहीं रोक पाए। मलाल भी रहा कि मकान की रजिस्ट्री के लिए कचेहरी में कई जगह 'दक्षिणा' देनी पड़ी।
रिटायरमेंट के बाद पहले नववर्ष पर संकल्प लिया कि पड़ोसी बच्चों में कुछ अच्छे संस्कार डालें। न खाता हूं और न खाने दूंगा। लेकिन चार दिन बाद बच्चों के माता-पिता लड़ने चले आये। अपने बच्चों को संभालो। हमारे बच्चों का भविष्य क्यों बिगाड़ रहे हो?
लेकिन हम मायूस नहीं हुए। अगली बार स्वच्छता अभियान छेड़ दिया। नित्य अपना कूड़ा खुद उठाईये और सड़क पार कूड़ेदान में डाल कर आईये। मगर अगले ही दिन हमारे दरवाज़े कूड़े की पोटलियों का ढेर लग गया। सड़क पार तो आप जाएंगे ही, हमारा कूड़ा भी लेते जायें। आप तो रिटायर हैं। रिटायर आदमी के साथ यही प्रॉब्लम होती है। आपके हाथ में चूहेदानी देखी नहीं कि पड़ोसन ने फ़रमाईश कर दी। भाई साहब, अपना चूहा छोड़ने जा रहे हैं, मेरा भी लेते जायें।
एक नववर्ष पर हमने मॉर्निंग वाक के प्रचार का बीड़ा उठाया। कुछ दिन तक खूब बढ़िया चला। एक दिन पड़ोसी की पत्नी ने शिकायत की - हमारे 'ये' मॉर्निंग वाक से वापस आकर दो घंटे तक सोते हैं। और फिर  दफ़्तर लेट पहुंचते हैं। बदले में वेतन कट जाता है। प्राईवेट नौकरी है।

Sunday, January 1, 2017

लालच का नहीं कोई अंत

-वीर विनोद छाबड़ा
एक पहुंचे हुए साधू अपनी मण्डली के साथ एक बड़े राज्य से गुज़रे। उस राज्य की समृद्धि, वैभव और हरियाले वातावरण से प्रभावित होकर साधू ने कुछ दिन वही रुकने का फैसला किया।

एक दिन साधू को ज़मीन पर पड़ा एक सोने का सिक्का मिला। उसे उठा कर उन्होंने अपने झोले में रख लिया।
ऐसा करते देख उनके शिष्यों ने कहा - महाराज  इसे आपने रख क्यों लिया? हमें मिलता तो अवश्य ही नगर जा कर कुछ मिष्ठान इत्यादि क्रय कर लाते।
साधू मुस्कुराये - शिष्यों यह कोई साधारण सिक्का नहीं। तुम देखना, इसे मैं सही समय पर किसी सुपात्र को भेंट कर दूंगा।
एक दिन साधू को खबर मिली कि इस राज्य का राजा एक बड़े फौज-फाटे के साथ दूसरे राज्य पर आक्रमण करने जा रहा है और उसका काफ़िला इधर ही से गुज़रेगा। साधू जी को लगा यही सही समय है इस देश के राजा से मिलने और ज्ञान देने का।
साधू उस राजा के मार्ग में खड़े हो गए।
राजा को मंत्री के माध्यम से ज्ञात हुआ कि यह कोई पहुंचे हुए साधू महाराज हैं। इनसे आशीर्वाद लेना शुभ होगा। 
राजा अपने रथ से उतरा और साधू जी से विजय का आशीर्वाद मांगा।