Thursday, May 12, 2016

पेजर का भी ज़माना था।

- वीर विनोद छाबड़ा
हमें याद आता है पेजर का ज़माना। नब्बे के दशक में बहुत मशहूर हुआ था। मैसेज भेजने का त्वरित साधन।
Pager with cover
टेलीफोन से इमर्जेंसी सूचना भेज दीजिये - जल्दी घर आओ, पिताजी अस्वस्थ हैं...
प्रेमिका हुकुम भेजती थी - डार्लिंग मेफेयर पहुंच कर टिकट लो, मैं पहुंच रही हूं...
कभी डांट भी पड़ती थी - ब्रेड-मक्खन लेने भेजा था तुम्हें। बच्चों को भूख लगी है। कहां हो तुम?...
ऐसे ही अनेक मैसेज भेजे जाते थे। बंदा किसी भी निकटवर्ती टेलीफोन बूथ या पीसीओ से संपर्क कर लेता था। एसएमएस प्रेषित करने का प्रारंभिक तरीका था यह।
सरकारी दफ्तरों में बड़े-बड़े अधिकारियों को मुफ्त में पेजर उपलब्ध कराया जाता था। काम कराने या करने की एवज़ में 'भेंट' स्वरूप भी दिया जाता था।
हमारे एक दोस्त की प्रेमिका ने गिफ्ट में पेजर मांगा। लेकिन वो ४२०० रुपया नहीं जुटा पाया। दोस्ती टूट गई।
हमारा एक सहकर्मी टॉयलेट के बहाने निकलता था और वहीं से फुर्र हो जाता। साहब ने उसे 'विशेष परिस्थिति' के अंतर्गत ऑफिशियली पेजर उपलब्ध करा दिया। बच कर कहां जाओगे? जहां भी हो फ़ौरन रिपोर्ट करो। 
यह था बहुत उपयोगी। छोटा सा आईटम। पैंट की जेब में रख लोग या बेल्ट के साथ बांध लो। हमारे कई मित्रों के पास था। कई बार पार्टी-शार्टी में लेट हुए तो मित्रों के पेजर पर घर से मैसेज आया - जल्दी घर भेजो इन्हें।
याद आता है १९९४ का मशहूर यूपी का गैस्ट हॉउस कांड। बहन मायावती की जान इसी पेजर के कारण ही बची थी। इसी के बाद तो बहन जी बीजेपी के सहयोग से पहली बार मुख़्यमंत्री बनीं थीं।

हमें याद आती है एक फिल्म - दीवाने मस्ताना। १९९७ में रिलीज़ हुई थी। अनिल कपूर और गोविंदा के साथ सतीश कौशिक कॉमिक विलेन की एक छोटी सी भूमिका में थे। नाम था पप्पू पेजर। 
विदेशों में यह बहुत लोकप्रिय था। अपने पीक समय में करीब ७०० करोड़ लोग इसका इस्तेमाल करते थे। भारत में शुरुआती दौर में यह स्टेटस सिंबल था। बड़े लोग ही इसका इस्तेमाल करते थे। इसे आम भारतीय जन तक पहुंचाने के लिए कंपनियों ने फुटपाथों पर तंबू/छतरी लगानी शुरू की। महंगे जूतों के साथ फ्री में देने की भी योजना बनी। लेकिन इस बीच मोबाइल क्रांति हो गई। हम तो खरीदते-खरीदते ही रह गए।
हमारे मित्र राजन प्रसाद ने इसे एंटीक के तौर पर डिब्बे सहित संभाल कर रखा है। यह तस्वीर उन्होंने ने ही उपलब्ध कराई है। 
---
12-05-2016 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016 

No comments:

Post a Comment