Friday, April 8, 2016

नेक सलाह।

- वीर विनोद छाबड़ा
हमें एक पुराने रिटायर सहकर्मी मिले। पैसे की कोई कमी नहीं है। हमने पूछा, क्या करते हो आजकल?
उन्होंने बताया कि कभी इसके घर तो कभी उसके घर। भजन कीर्तन में ही व्यस्त रहता हूं। 
हम समझ गए कि यह बंदा बेमतलब में इधर-उधर टूलते रहता है। धकियाया जाता है। कुछ न मिला तो इस बैंक का पैसा उस बैंक में डालता है। या बैंक-बैंक जाकर ब्याज की दरें ही पूछा करता है।
हमने उसे फेसबुक पर अकाउंट खोलने की सलाह दी।
उसे  जैसे करंट लग गया। यार, यह कम्प्यूटर-फम्प्यूटर हमारे बस का नहीं।

हमने कहातुम तो इंजीनियर हो, ऊंचे ओहदे पर भी रहे हो। कम्प्यूटर से क्यों एलर्जी?
वो बोला, घर में हैं तो एक नहीं चार-चार हैं। बच्चे हाथ ही नहीं रखने देते।
हमने देखा कि वो हाथ में पुराने डिज़ाइन का मोबाईल लिए हुए था। दुनिया कहां से कहां पहुंच गई। घर में कामवाली बाई भी स्मार्टफोन लिए इतराती घूमती है। यों हमें किसी ने राज की बात बताई थी। उसके यहां लगी बाई के पास जो स्मार्टफोन है, उसे इन्हीं महाशय ने ही गिफ्ट कर रखा है।
बहरहाल वो बता रहा था कि इसी ग्यारह सौ नंबर वाले नोकिया में बस इनकमिंग और आउटगोइंग सीख रखा है। इससे ज्यादा नहीं जानता।
हम समझ गए कि यह बंदा ही सर से पांव तक पुराने डिज़ाइन का है। दकियानूस किस्म का आदमी। तभी तो बच्चे कम्प्यूटर को छूने नहीं देते। पत्नी दौड़ाया करती है। निठल्लों की तरह घर में बैठे रहते हो। कोई काम क्यों नहीं करते? सब्ज़ी-भाजी और राशन-पानी ले आना भी कोई काम हुआ क्या? कंजूस एक नंबर का। पैसा होते भी एक अदद सस्ता स्मार्टफोन तक नहीं खरीद सकता। फेसबुक तो बहुत दूर की बात।
हमने उसको बहुत कोसा। बातों-बातों में कई बार जहन्नुम रसीद किया। फिर जय राम जी करके अपनी राह पकड़ी।

हमें ऐसे टुच्चे किस्म के लोग अक्सर मिला करते हैं। कभी राह चलते और कभी पेंशनर्स की मासिक मीटिंग में। उनका ध्येय मीटिंग से पूर्व फ्री की चाय-बिस्कुट और मीटिंग के उपरांत फ्री का भोजन उड़ाना ही होता है। 
बताता चलूं कि रिटायर होने के साल भर बाद तक हमारी भी ऐसी ही दशा थी। लोग हमारे बारे में उलूल-जुलूल राय बनाया करते थे। फेस बुक का नाम सुनते ही हम मुंह बिचका लिए करते थे। लेकिन अब....
जो इधर-उधर संसार से भागा फिरते हैं, उन्हें बकौल दिवंगत दुष्यंत कुमार के हवाले से हमारी एक नेक सलाह है -
कौन कहता है आसमान में सुराख़ नहीं हो सकता,
एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों।
---
08-04-2016 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar 
Lucknow - 226016

No comments:

Post a Comment