Friday, December 16, 2016

दूरी!

-वीर विनोद छाबड़ा
कल एक पुराने जानने वाले मिले। हमेशा की तरह बेहद खुश दिखे। खुश होना और दिखना दो अलग-अलग स्थितियां हैं।
'खुश होना' तो अंदरूनी है यानि दिल से खुश। ख़ुशी स्वतः स्फूर्त चेहरे पर प्रकट होती है। 

'खुश दिखने' के लिए मेहनत करनी पड़ती है यानि अभिनय। और वो हमेशा अभिनय करते हुए दिखते हैं। और पीठ पीछे जम कर कोसते हैं।
मीठा इतना बोलते हैं कि जलेबी की चाशनी को भी शर्म आ जाये। 
बहरहाल हमने हाल-चाल पूछा। उन्होंने खींसें निपोर दीं। फिर उन्होंने हमसे हमारी सेहत के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इससे पहले कि हम हाल-ए-दिल सुनाते कि उन्होंने आगे पूछा - चाय पिएंगे?
और इससे पहले कि हम हां या ना कहते, वो आगे बढ़ लिए। यह उनकी पुरानी आदत है। कंजूस ही नहीं मक्खीचूस हैं। जेब में तो सैकड़ों रुपया रखते हैं, मगर पर्स में कभी दस रूपए से ज्यादा नहीं रखे यानी तकरीबन 'कैशलेस'. वो हमारे पुराने मातहत रहे हैं। उनके बारे में एक किस्सा मुझे आज भी अच्छी तरह से याद है। 
एक जांच मामले में शक्ति भवन से गोखले मार्ग स्थित एक अधीनस्थ कार्यालय की दूरी जानने की ज़रूरत पड़ी। हमने उन्हें फ़ाईल पर रिकॉर्ड करने को कहा।
हमारे आदेश के अनुपालन में उन्होंने लिखा - शक्ति भवन से गोखले मार्ग स्थित अमूक कार्यालय के मध्य दूरी नापने का यंत्र विभाग में उपलब्ध नहीं है। सड़क नगर निगम की है, जिसे लोक निर्माण विभाग ने बनाया है। नगर की इस सड़क पर तमाम वाहन भी दौड़ते हैं। वाहनों का रोड टैक्स आरटीओ द्वारा वसूला जाता है। अतः उपयुक्त होगा कि इस संबंध में ज़रूरी जानकारी आयुक्त परिवहन निगम/लोक निर्माण विभाग/आरटीओ से प्राप्त कर ली जाये। पत्रावली आदेशार्थ प्रस्तुत है।

हमने अपना माथा पीट लिया था। हमने बात की खेत की उन्होंने खलियान की जानकारी दे दी। सेंसलैस और ब्रेनलैस आदमी। हमने सोचा दीवार से सर फोड़ने से क्या फ़ायदा? अंबुजा सीमेंट की जो बनी है।
अचानक हमें आईडिया सूझा। हमने अपनी स्कूटी उठाई। मीटर देखा। और स्कूटी  दौड़ा दी। गोखले मार्ग पहुंचे। फिर मीटर देखा। और उसी मार्ग से वापस आ गए। लीजिये काम हो गया। आने-जाने की दूरी निकल आयी। कुल पांच मिनट और समय लगा सिर्फ़ बीस मिनट। हमने पत्रावली पर दूरी अंकित की और आगे बढ़ा दी।

मौजूदा में यह महाशय क्लास-वन पोस्ट पर हैं। इसी दिसंबर में उनको रिटायर होना है। उच्चाधिकारियों के मुंह लगे हैं। कुछ राजनेताओं से भी रिश्ते हैं। रिटायर होने के बाद एक्सटेंशन का जुगाड़ बैठा रहे हैं।
---
16-12-2016 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016

1 comment:

  1. लकीर के फ़कीर भी ऐसी ही होते हैं ...

    ReplyDelete