Saturday, July 18, 2015

टेम्पो वाला - तेरी मां, मेरी मां।

-वीर विनोद छाबड़ा
आमतौर पर आम आदमी की निगाह में ऑटो-टेम्पो वालों का इम्प्रैशन ख़राब ही होता है।
काफ़ी हद तक वाज़िब भी है। इनकी मर्ज़ी है, जायेंगे। नहीं मर्ज़ी तो लाख मिन्नत करो, नहीं जाएंगे। यह चाहें तो ट्रेन पकड़ लें और अगर नहीं चाहें तो - गड्डी छूटदी है ते छुट्ट जाये।

हमारे लखनऊ में किराये को लेकर रोज़ाना की चिक-चिक तो आम है। मगर सब ऑटो-टेम्पो वाले ऐसे नहीं होते। तादाद में पांच-दस प्रतिशत ही सही। इनके लिए आराम है हराम। यात्री भगवान है। ईमानदारी की कमाई ही मेवा है। इसी में बरकत है। आज एक मुसाफ़िर और ऑटो वाले को झगड़ते देखा तो बरसों पहले की एक घटना याद आ गयी। 

उस दिन जोर की बारिश अभी बंद हुई ही थी। लेकिन हलकी बूंदा-बांदी जारी थी। रात एक बजे का वक़्त था। बत्ती गायब थी।
उन दिनों इन्वर्टर नहीं होते थे। लालटेन और मोमबत्ती से काम चल रहा था।
हमारे पड़ोसी को हरदोई से फोन आया कि मां सख्त बीमार है। कैसरबाग बस अड्डे पहुंचना था। मैंने स्कूटर उठाया। लेकिन ऐन मौके पर धोखा दे गया। लाख कोशिश की, मगर स्टार्ट नहीं हुआ। ऐसी विपदा की घड़ी में क्या करूं?
पास में ही मुंशी पुलिया पर टेम्पो स्टैंड था। उन दिनों ऑटो नहीं टेम्पो होता था। मुसाफिरों का दिन-रात आना-जाना रहता था।
हम पानी-कीचड़ से लथपथ होते हुए स्टैंड पर पहुंचे।
लेकिन रोज़ की तरह आज भीड़ नहीं थी। बामुश्किल एक टेम्पो वाला दिखा। ड्राइवर टेम्पो में आराम से पसरा सो रहा था। उसे उठाया।
लेकिन उसने कहीं भी जाने से इंकार कर दिया। बहुत चिरौरी की। मुंह-मांगी रकम की पेशकश की। मगर वो निष्ठुर नहीं माना।
आख़िर में विपदा का ब्यौरा दिया। मां की बीमारी का हवाला दिया। वो फौरन तैयार हो गया - पहले बताना था न।


पड़ोसी ने हरदोई पहुंच कर फोन किया- मां अब ठीक है। ठीक टाईम पर मैं पहुंच गया। मां को अस्पताल में दाखिल करा दिया है। यह तो भला हो उस टेम्पो वाले का जिसने वक्त पर बस अड्डे पहुंचा दिया था। बस तो बस छूटने ही वाली थी। टेम्पो वाले ने तो बस में बैठाने में मदद की।और हां, उस टेम्पो वाले ने पैसे ही नहीं लिये। मैंने बहुत कोशिश की। लेकिन वो नहीं माना। बोला कि जैसे आपकी मां, वैसे ही मेरी भी। मैं जब तक उसका नाम-पता पूछता कि बस चल दी।

हफ्ते भर के बाद मेरे मित्र हरदोई से लौट कर आये। बहुत ढूंढा उस टेम्पो वाले को। लेकिन मिला नहीं।
नेकी कर दरिया में डाल कर गुम हो गया।
-----
१८-०७-२०१५ mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar Lucknow-226016  

No comments:

Post a Comment