Sunday, February 12, 2017

झाड़ू के साथ एक सेल्फ़ी हो जाए

- वीर विनोद छाबड़ा
झाड़ू...झाड़ू...झाड़ू ले लो। द्वार पर झाड़ू बेचने वाले की आवाज़ है। हमारी पहली प्राथमिकता यही रहती है कि इसी से झाड़ू खरीद लें। लेकिन बेचने वाले के दावे के बावजूद इनमें क्वालिटी नहीं होती है। मजबूरन हमें झाड़ू के लिए बाज़ार जाना पड़ता है। लेकिन कुछ मित्रों लोगों के यह लिए दृश्य बहुत मनोहारी होता है - अच्छा तो अब ये दिन आ गये हैं। अच्छा काम मिला है रिटायरमेंट के बाद। आइये झाड़ू के साथ एक फोटो हो जाए।
हमें मालूम है कि मित्र इसे मंडली में सर्कुलेट करेगा। कोई फेसबुक पर भी चेंप देगा। हम जैसे-तैसे बच निकलते हैं। एक बार हम झाड़ू लेकर लौट रहे थे। कैमरा लिए एक साहब मिल गये। सर, आप बहुत अच्छे लग रहे हैं। स्वच्छता अभियान के लिए बिलकुल परफेक्ट मॉडल। मैं सुबह से ही ऐसे बंदे की तलाश में हूं। इसे कंधे पर रख लें। और एक फोटो हो जाए। अख़बार में छपेगा। आपका बहुत नाम होगा। और शायद आपको और मुझे ईनाम भी मिले। आप चाहें तो ड्राइंग रूम में भी इस फोटो को अपने पुरखों की फोटो के साथ टांग लेना।
यह सुन कर हम टाईम मशीन में बैठ गये हों जैसे। आज से साठ-सत्तर साल आगे निकल गये। हमारी अगली से अगली पीढ़ी को बहुत गर्व हो रहा है। यह जिनका एक पैर शेर के सर पर है और कंधे पर बंदूक है, हमारे परदादा के परदादा हैं...और यह जिनके कंधे पर झाड़ू है, यह हमारे परदादा हैं।
हमारे जैसे बहुत भुक्तभोगी हैं। एक मित्र मिले - कहां चल दिए? हमने कहा - कल्लू किरयाना स्टोर तक जा रहे हैं। थोड़ी शॉपिंग करने।

वो बोले - जाना तो हमें भी है। लेकिन एक ही आईटम के लिए बाज़ार क्या जाना। फिर पैरों में तकलीफ़ भी है। गाउट ने अटैक मारा है। लौटते हुए एक ठो झाड़ू लेते आना हमारे लिए।
हम जल-भुन कर राख हो गये। अपने लिए झाड़ू लाते हुए तो हमें लज्जा आती है। रास्ते में बीस लोग मिलते हैं और हरेक बीस सवाल करता है। इनके लिए क्यों लाऊं? गाउट की आड़ लेकर बड़े सयाने बनते हैं। ठीक है, हम भी दिखा देंगे कि उनसे कम सयाने नहीं हैं।
हम कोई घंटे बाद लौटे। उन्हें रास्ते में ही खड़े इंतज़ार करते हुए पाया। हमें बिना झाड़ू के देखा तो उन्होंने सवाल किया - हमारा झाड़ू नहीं लाये?
हमने पहले से तैयार जवाब दिया - सफाई रखना राष्ट्रीय अभियान है। इसके लिए एक नई स्कीम आयी है। झाड़ू पर सब्सिडी मिल रही है। सब्सिडी सीधे खाते में जायेगी। और इसके लिए आईएफएससी कोड सहित बैंक अकाउंट नंबर और आईडी प्रूफ होना ज़रूरी है। और हां, साथ में झाड़ू के साथ सेल्फी भी भेजनी ज़रूरी है। 
---
12-02-2017 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016

No comments:

Post a Comment