Monday, November 9, 2015

बॉस, बॉस होता है।

- वीर विनोद छाबड़ा
हमारे एक बॉस हुआ करते थे। बॉस नहीं, सुपर बॉस थे। लोग कहते भी बॉस थे। कर्मठ और ईमानदार। क़ानून कायदे से चलने वाले। कड़क, गुस्सैल और अपनी मर्ज़ी वाले। ऐसे लोग थोड़ा सनकी भी होते हैं। मुंह से न निकल गयी तो फिर किसी भी कीमत पर हां नहीं। चाहे सर फूटे या माथा।

एक दिन सरकार ने फरमान दिया - फलां का ट्रांसफर फलां जगह कर दो। बॉस ने तहक़ीक़ात की। पता चला कि सही आदमी नहीं है वो। मना कर दिया।
माननीय मंत्री जी नाराज़ हो गए। नतीजा, यह हुआ कि हो गया हेडक्वार्टर से ट्रांसफर, एक प्रोजेक्ट पर। उन दिनों प्रोजेक्ट पर ट्रांसफर का मतलब तड़ीपार।
ऐसे लोग बोरिया-बिस्तर हमेशा बांध कर रखते हैं। बॉस चल दिए।
कुछ महीने बाद ज़रूरत आन पड़ी, बॉस कुछ सीक्रेट चिट्ठी भेजने की। साथ में जवाब भी ज़रूरी लाना था। उन दिनों फैक्स का सिस्टम नहीं था। हरकारे ही भेजने पड़ते थे। अब वो ठहरे गुस्से वाले। कौन जाए? आखिर बलि का बकरा हम बने। देखने में भोले-भाले। हमको अच्छी तरह जानते भी थे। गुस्सा नहीं होंगे।
हम तैयार हो गये। सील्ड करके हमारे सेक्रेटरी ने हमें पत्र दिया।
रात्रि भर ट्रेन की यात्रा करके अगली सुबह हम पहुंचे गंतव्य पर। बॉस के सामने पेश हुए।
हमें बैठने का ईशारा करते हुए उन्होंने चिट्ठी पढ़ी। फिर वो हमसे बातें करने लगे। हेडक्वार्टर और वहां के लोगों का हाल-चाल पूछने लगे। इस बीच उन्होंने चिट्ठी को एक किनारे से रोल किया। उसके कोने से कान साफ़ किया और फिर डस्ट-बिन में फ़ेंक दिया।
उन्होंने अपने एक असिस्टेंट को बुलाया और कहा - यह हेडक्वार्टर से आये हैं।  वीआईपी गेस्ट हाऊस में इनके ठहरने और खाने-पीने का इंतज़ाम करो। इन्हें प्रोजेक्ट दिखाओ। आसपास खूब घुमाओ।

हम दो दिन तक रहे वहां।  खूब ख़ातिर-त्वजो हुई। लौटने लगे तो बॉस को सलाम करने गए - सर, चिट्ठी का जवाब मिल जाता तो अच्छा था।
बॉस ने हमें हैरत से देखा - अरे भई, तुमने देखा नहीं उस दिन? जो देखा वही बता देना। यही जवाब है।
हम लौट आये। यहां सेक्रेटरी साहब से मिले और जो  देखा और जो बॉस ने कहा, सब बता दिया।
सेक्रेटरी साहब खिसिया गए। किसी तरह उसे छुपाते हुए बोले - बड़े मज़ाकिया हैं बॉस भी। ठीक है तुम जाओ। मैं फ़ोन से बात करता हूं।
हम सोच रहे थे - यार, बॉस आख़िर बॉस होता है। चाहे वो पिंजड़े में बंद हो या तड़ीपार या सिंहासन पर। उसका स्वभाव नहीं मरता।
---
09-11-2015 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016    


No comments:

Post a Comment