Monday, November 10, 2014

अपने अपने नसीब!

-वीर विनोद छाबड़ा
बात १९६६ की है। मैं हाई स्कूल में था।

लामर्ट, क्राइस्ट चर्च आदि अंग्रेजी माध्यम के मिशनरीओं के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चो को जहां तहां अंग्रेजी में गिटपिटाते देख कर अहसास-ए-कमतरी होती थी। काश! हमारे माता पिता भी ऊंचे दरजे के खानदान से ताल्लुक रखते होते तो हम भी किसी लामर्ट कान्वेंट में पढ़ रहे होते।

हमें ये भी कोफ़्त होती थी कि ऊपर वाले ने हमें पैदा करने के लिए गरीब का ही घर क्यों चुना? किसी अमीर की झोली में दाल देता तो क्या जाता?

कभी-कभी ये सुखद कल्पना करके गुदगुदी भी होती कि हम मेले में अमीर माता पिता से  बिछुड़ी संतान हैं। वो हमें लेने आये हैं और हमें पाल पोस कर बड़ा करने वाले माता-पिता भारी मन से हमें विदा कर रहे हैं।

इसके आगे हम जब भी कुछ सोचने लगते माताजी आवाज़ लगा देतीं - जा दूध ले आ। लौटते पे सब्जी भी ले आना। फिर पढ़ना भी है....फिर झमेलों की भीड़ में हम गुम हो जाते।

कभी ये भी सोचते कि ये गरीब माता-पिता ही ठीक हैं। बंदर-भालू का तमाशा तो देख लेते हैं। सड़क किनारे जादू का खेल भी कभी कभार देखने को मिल जाता है। हाफरेट सिनेमाहाल में चालीस पैसे की फ्रंट क्लास में बिंदास बैठ तो जाते हैं।

एक दिन क्या हुआ कि वज़ीरहसन रोड इलाके के अंग्रेज़ी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से हमारे चन्दर नगर के लड़कों का क्रिकेट मैच लग गया। दरअसल हम में से एक की वहां रिश्तेदारी थी। उसकी एक अंग्रेज़ी वाले से बहस हो गयी कि पटौदी बढ़िया है या सरदेसाई। बात इतनी आगे निकली कि तय हुआ कि मैच हो जाये। हम जीते तो पटौदी बढ़िया और तुम यानी हम फुकरों की टीम जीती तो सरदेसाई।

गोमती किनारे मैदान में मैच हुआ। सरदेसाई टीम की ज़बरदस्त हार हुई और पटौदी की जीत। यों उन्हें जीतना ही था। उनकी क्रिकेट कोचिंग बढ़िया थी, उनके हरेक सदस्य की किट में बढ़िया बैट, ग्लव्स, पैड आदि है और हमारे पास कुछ नहीं, ठन ठन गोपाल।

कपडे धोने वाले सोटे को बैट बना कर क्रिकेट खेलना सीखे थे। बैट-गेंद खरीदने के लिए पैसे नहीं होते थे। चंदा करके बामुश्किल काम चलता था। ईटों की विकेट बनाते थे। खेलते कम और झगड़ते ज्यादा थे।

हम उस दिन हारे ज़रूर लेकिन हमने हार से कहीं ज्यादा बड़ी ख़ुशी पायी। हमारे दिमाग में ठुंसा हुआ बरसों पुराना सारा का सारा कॉमप्लेक्स दूर हो गया।  अमीर और गरीब का भेद मिट गया। पटौदी का सरदेसाई पर सदियों से स्थापित वर्चस्व ख़त्म हो गया।

Wednesday, November 5, 2014

परदे में रहने दो!

परदे में रहने दो!
-वीर विनोद छाबड़ा
मुद्दत पहले की बात है। सन १९७१ - ७२ की। लखनऊ यूनिवर्सिटी में पोलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहा था।
स्टूडेंट लाइफ मीन्स फक्कड़ जीवन। साइकिल से आना-जाना। और उसके अलावा ज्यादा से ज्यादा चवन्नी जेब में। बाकी दोस्तों-यारों का प्यार। अहसान मेरे दिल पे तुम्हारा है दोस्तों, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों।
कभी-कभी सब पूल करके भी चाय-शाय कर लेते थे। जब कभी छटे-छमाही जेब थोड़ी गर्म हुई तो रिक्शा।
एक बार ऐसा ही हुआ। जेब में दो रुपए थे। बस में बैठे। हनुमान सेतु उतर लिए। वहां से वाकिंग डिस्टेंस पर यूनिवर्सिटी। लेकिन बीस पैसे दिए रिक्शेवाले को-गेट नंबर एक छोड़ देना भैया।
दो चार लड़कियां तो देख ही लेंगी। इम्प्रेशन जमेगा। मज़ा आ जायेगा। कार स्कूटर तो थी नहीं और न ही औकात थी। बस यही रिक्शा ही था रुआब गांठने के लिए।
यही सिलसिला वापसी पर भी अपनाया।
यूनिवर्सिटी से चले, हज़रतगंज के लिए। वहां से हनुमान मंदिर से चारबाग़ के लिए बस।
वो दौर लंबे बाल का फैशन का था। घने बाल वाले को देख कर लगता था मानो किसी ने टोकरा सर पर उलट रख दिया है। आज की पीढ़ी उस युग को देख कर ज़रूर यही सोचती होगी - यार, उस युग की पीढ़ी के लोगों के कान नहीं होते होंगे।
अलावा इसके प्रिंटेड फूलदार फ्रॉकनुमा डिज़ाइन की बुशशर्ट और बेल्ल बॉटम पैंट जो अक्सर शरारे और पायजामे के क्रॉस का अहसास कराती थी। 
बहरहाल, गर्मी के दिन। तपती धूप। तेज हवा। रिक्शावाले ने हुड चढ़ा दिया। हवा के गर्मागर्म थपेड़ों से पीछे का परदा लगातार उड़ रहा था।
स्टेडियम के पास पहुंचे। सन्नाटा पसरा पड़ा था। इतनी तेज़ धूप में निकले कौन? यों भी उस दौर में स्टेडियम के आस-पास बिज़नेस एक्टिविटी न के बराबर थी।
तभी अहसास हुआ कि कुछ लौंडे साइकिल से पीछा कर रहे हैं। और साथ में फ़िक़रेबाज़ी भी  - वाह गुरू, माल है माल। पीछे से तो बढ़िया दिख रहा है। चलो सामने से देखते हैं। ये कह कर लौंडों ने साइकिल तेज़ कर दी।
मैंने भी सोचा आने दो सालों को सामने। देखते ही फट जाएगी।

Sunday, November 2, 2014

एक थी लक्ष्मी छाया!

-वीर विनोद छाबड़ा

१९७१ में राज खोसला की 'मेरा गांव मेरा देश' को सुपर हिट बनाने में जिन फैक्टर्स ने काम किया था उसमें निम्मांकित तीन गाने भी शामिल थे -


१) मार दिया जाए या छोड़ दिया जाए..... 
२) हाय शरमाऊं किस-किस को बताऊं अपनी प्रेम कहानियां…और
३) आया, आया अटरिया पे कोई चोर.....

इस सच को निर्देशक राज खोसला ने स्वीकार भी किया था।

ये दोनों गाने नायिका आशा पारेख पर नहीं फिल्माए गए थे बल्कि एक कम जानी -पहचानी अभिनेत्री लक्ष्मी छाया पर फिल्माए गए थे। बच्चा-बच्चा जान गया था उसे।  राज खोसला ने ऐसा क्यों किया था? इस राज को आज तक कोई नहीं जान पाया। उनका मक़सद तो आशा पारेख की पतंग आसमान पर चढ़ाना था। यों कभी कभी ऐसा होता है कि बाज़ छोटे अदाकार भी अपनी अदाकारी से किरदार में जान डाल देते हैं कि फिल्म हिट होने सा सबब बन जाते हैं। और अहम अदाकार ठगे से रह जाते हैं। इससे पहले लक्ष्मी छाया नायिका की सहेली के छोटे-मोटे रोल किया करती थी। मज़े की बात ये थी ये नायिका ज्यादातर आशा पारेख ही रहती थी।

उन दिनों राज खोसला ने तय कर रखा था कि आशा पारेख को ग्लैमर की दुनिया से निकाल कर मीनाकुमारी सरीखी गंभीर अभिनेत्री बना देंगे। इसकी शुरआत वो 'दो बदन' से कर चुके थे।

'मेरा गांव…' सुपर हिट होने के बावजूद आशा पारेख को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। लेकिन ट्रेजेडी ये रही कि 'मार दिया जाए की छोड़ दिया जाए गर्ल' से घर-घर की पहचान बनी लक्ष्मी छाया भी तीर मार कर कोई कद्दू नहीं फोड़ पायी। 

लक्ष्मी को 'रास्ते का पत्थर' में ज़रूर अच्छी फुटेज मिली। इसमें अमिताभ बच्चन नायक थे और नवोदिता नीता ख्याणी नायिका। नशे में हर वक़्त चूर लड़की के किरदार में लक्ष्मी ने जान डाल दी। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड नाकामी ने लक्ष्मी के अरमानों पर भी पानी फेर दिया। लक्ष्मी छाया की पहचान वही रही। वो नायिका की अच्छी सहेली से आगे नहीं बढ़ पायी। 

Saturday, November 1, 2014

डेनिस कॉम्पटन - बल्ले से रन बनाने के साथ पिटाई भी।

-वीर विनोद छाबड़ा

बेहतरीन तकनीक से खेलने वाले दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाज़ों का जब ज़िक्र होता है तो डेनिस कॉम्पटन को ज़रूर याद किया जाता है। दायें हाथ के इस इंग्लिश बल्लेबाज़ ने ५०.०७ की औसत से ७८ टेस्टों में ५८०७ रन बनाये थे। काउंटी में भी उन्होंने ढेरों रन बनाये। उनके बल्ले का कमाल  देखने दूर-दूर से लोग आते थे।
रिटायर होने के बाद भी कॉम्पटन ने बल्ला कभी नहीं छोड़ा। जब कभी मौका मिला, दो चार हाथ ज़रूर दिखाए। लेकिन उन्होंने ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि बल्ले का इस्तेमाल मैदान से बाहर भी करना पड़ सकता है।


ये बात १९८५ की है। हुआ ये था कि एक बार कॉम्पटन एक पार्टी से  देर रात लौट रहे थे।

एक सुनसान जगह पर कॉम्पटन की कार को कुछ लुटेरों ने घेर लिया। लुटरों ने उनकी जामातलाशी ली। कुछ भी नहीं मिला।

लुटेरों को घोर निराशा हुई। इतनी बेशकीमती कार में चलेंगे, सलीकेदार सूट पहनेंगे और औकात ज़ीरो।

लुटेरों को यकीन नहीं हुआ कि ये अमीर दिखता शख्स मुफ़लिस है। ज़रूर दाल में कुछ काला है। कार में कुछ न कुछ बेशकीमती होगा। उन्होंने कॉम्पटन की कनपटी पर पिस्तौल की नली लगा दी - कार में जहां पैसा छुपा रखा है, निकाल दो। वरना जान से हाथ धो बैठोगे।

एकबारगी कॉम्पटन के हाथ-पांव फूल गए। लेकिन अगले पल वो सब कुछ समझ गए। लुटेरे का हाथ कांप रहा था। इसका अहसास सर पर रखी पिस्तौल की नली करा रही थी। ये लुटेरे अभी अधकच्चे हैं। इन्होंने कभी चींटी भी नहीं मारी होगी। आखिर खौफ़नाक गेंदबाजों के मन को पढ़ने में माहिर जो थे वो। 

कॉम्पटन ने कहा - हां बेइंतिहा दौलत है कार में। मैं देने के लिए तैयार भी हूं। मगर एक शर्त है कि सब एक किनारे खड़े हो जाएं। सबको बराबर हिस्सा मिलेगा।

लुटेरे उनकी बातों में आ गए। तब ६७ वर्षीय कॉम्पटन ने कार से अपना बल्ला निकाला और ज़ोर-ज़ोर से घुमाते हुए बोले - ये है मेरी दौलत। इसने आज तक सैकड़ों गेंदों का कचूमर निकाला है और हज़ारों रन उगले हैं। लेकिन आज इसकी आज़माईश तुम लोगों पर होगी।

लुटेरे ये सुनते ही डर गए कि ये कोई पुराना खुर्राट बल्लेबाज़ है। इसकी मार बड़ी महंगी पड़ेगी। निकल लो पतली गली से। सारे लुटेरे पल भर में नौ-दो-ग्यारह हो गए।

जिन लोगों की क्रिकेट में दिलचस्पी नहीं है उन्हें कॉम्पटन का दूसरा परिचय दे दूं। यकीनन उन्हें पसंद करेंगे।