Tuesday, June 30, 2015

लॉटरी - घर बनते नहीं उजड़ते देखे।


-वीर विनोद छाबड़ा
लॉटरी को लेकर पुराने दिन याद आ गए। साठ का दशक हुआ करता था। हम इंटरमीडिएट में रहे होंगे तब।
बाराबती रैफल लॉटरी चला करती थी। कोई कलकत्ता वाले थे। काले रंग की अम्बेस्डर पर लॉटरी बिकती थी। मैंने इस कार को अक्सर अपने लखनऊ के कैपिटल सिनेमा के सामने सड़क के उस पार गांधीजी की मूर्ति के समीप खड़ा देखा।

एक रूपए का टिकट। और ईनाम एक लाख रूपए। सुनते ही गश खा गए। लाख की बड़ी ज़बरदस्त वैल्यू थी। आज से मिलान करें तो करोड़ तो हो जायेगा। एफडी किये होते तो दो करोड़ तो कहीं नही गए थे। सोचा मौजूदा ज़िंदगी ही नहीं अगली दो एक पुश्तें भी मौज कर लेंगी। लालच बुरी बलां। हम ललचा गए। कहीं से इकन्नी और कहीं से दुअन्नी बटोरी। तिनका तिनका करके एक रुपया हो गया। टिकट ले लिया। टेलीग्राम से इतल्ला हो जाएगी। लिहाज़ा नाम-पता भी लिखवा दिया।
पता नहीं कितनी रातें जागे हम। कई कई बार खुले आसमान पर चमचमाते तारे गिने। महल बना डाले। सपने देखने में क्या खर्च होता है? एक नामी हीरोइन से ब्याह तक रचा लिया।
कितने दिन हमने राह तकी तार वाले डाकिये की। बड़े पोस्ट ऑफिस में  दरियाफ़्त कि हमारे नाम कोई कोई टेलीग्राम आया? रजिस्ट्री तो नहीं बैरंग लौट गयी।
कई महीने बाद पता चला कि कोई मद्रासी उठा ले गया लाख रुपया। छोटे-मोटे बाकी इनाम भी उधर ही के लोग ले गए।
उसके बाद शुरू हुआ हरियाणा स्टेट लॉटरी। तमिलनाडु, ओड़िसा और महाराष्ट्र भी कूदे। यूपी वाले भला क्यों पीछे रहते? सरकारें जुआ खेलने और खिलाने लगीं। कल्याणकारी योजनाएं चलाने के नाम पर हर स्टेट में बाकायदा लॉटरी निदेशालय खुल गए। रकम पचास हज़ार। फिर साठ हज़ार। फिर लाख और करोड़ तक रकम दांव पर लगने लगी।
पहले एक महीने में खुलती थी। महीना घट कर हफ्ता हुआ और घटते-घटते सुबह शाम पर धंधा उतर आया। घंटे-घंटे पर लॉटरी हो गयी। आख़िरी नंबर पर दांव लगने लगे। तदबीर से बिगड़ी हुई तकदीर बना ले, खुद पे भरोसा है तो दांव लगा ले.
खबर यह आई कि काली रकम को सफ़ेद करने का भी धंधा शुरू हो गया है। उधर घर बर्बाद होने लगे। सब्जी लेने निकले तो सीधा लाटरी के स्टाल पहुंच गए। वेतन मिला नही कि घर की बजाये लॉटरी की दुकान दिखने लगी। उधार पर रकम उठाने लगे। जीपीएफ खाली हो गए। घर के जेवर गिरवी हो गए। सिर्फ़ मर्द ही नहीं जोरू भी उतर आयीं मैदान में। एक लगाओ, दुगना-तिगुना ही नहीं दस गुना पाओ।
जिसकी नहीं निकली उसने गुस्से में आकर पांच सौ, हज़ार टिकेट हवा में उड़ा दिए। लॉटरी के टिकटों से सड़क पट जाया करती थीं। लोग बर्बाद होने लगे। घर उजड़ने लगे। अपने आस-पास के कई मित्र रिश्तेदार मैंने पनपते तो नहीं उजड़ते ज़रूर देखे। आत्महत्या की ख़बरें ज्यादा हो गयी। लेकिन सरकारें सोती रहीं। मोटी रक़म जो मिलने लगी थीं। कई मामले कोर्ट-कचेहरी में लग गए। बड़ी मुश्किल से लटारियों का अवैध सरकारी कारोबार रुका। उजड़े घर फिर बसने लगे। चेहरों पर रौनकें लौट आई।
इसी बात पर एक लतीफ़ा भी याद आता है। सस्ते का ज़माना था वो।

Monday, June 29, 2015

लिफ़ाफ़े ले लो, लिफ़ाफ़े!

-वीर विनोद छाबड़ा
एक ज़माने में हम भी जवां थे। शौक अमीरों वाले और जेब में अधन्ना भी नहीं। मन मसोस कर रह जाते। सोचते थे जब नौकरी करेंगे तो सबसे पहले सारे शौक पूरे करेंगे।
हां एक सिनेमा का शौक ऐसा था, जिसे हम कभी कल के लिए टाल नहीं सके। शौक भी कोई ऐसा-वैसा नहीं था।
पक्के पिक्चरबाज़ थे। नई फिल्म तो शायद कोई छूटती हो। बढ़िया फिल्म तो दुबारा-तिबारा भी हो जाती थी। हॉफरेट पर पुरानी फिल्म भी देखना ज़रूरी ताकि जानकारी हो सके कि पुरखे क्या करते थे हमारे। महीने में १०-१५ फिल्मे तो मामूली बात थी। यों हमारा आलटाइम रिकॉर्ड २८ के महीने में ३३ फिल्मों का था। पिक्चरबाज़ों की महफ़िल में हमारा ये रिकॉर्ड तो बौना था। पचास-साठ फ़िल्में देखने वाले तो भरे पड़े थे।  
जेब खर्च के नाम पर महीने में दस रूपए। यह बात १९६६-६७ की है। इतने में तो तीन-चार फ़िल्में ही हो पाती। पेन-पेंसिल, मैगज़ीन और दूसरी छोटी-मोटी ज़रूरतों का भी इसी जेब खर्च से इंतज़ाम करना होता था। जैसे हम, वैसे ही दोस्त। सब के सब फक्कड़।
आवश्यकता अविष्कार की जननी। हमें कागज़ के लिफ़ाफ़े बनाने की कला आती थी। बचपन में सीखी थी, अपने एक सिंधी पड़ोसी से। तब हम आलमबाग की चंदर नगर मार्किट में रहते थे। बदले में वो हमें दो पैसे देता था।
आवश्यकता ने हमें इस कला को अपनाने पर मजबूर कर दिया। इसे हमने निखारा भी। यहियागंज से पुरानी टेलीफोन डायरेक्टरी और रेलवे टाईमटेबल की रद्दी ले आते। इसके लिफ़ाफ़े मज़बूत माने जाते थे। मैदे की लेई और ज़रा सा तूतिया। ताकि लेई के चक्कर में चूहे न काट जायें लिफ़ाफ़ो को।
यह काम हम तभी करते जब पिताजी घर पर नही होते थे। लिफ़ाफ़े बनाने में हमारी स्पीड देखने लायक होती। एक-दो घंटे में हम इतने लिफ़ाफ़े तैयार कर लेते कि चार-पांच फ़िल्मों का पैसा निकल आता। इसी से कभी-कभी अपने मित्रों की बहनों के ब्याह के लिए गिफ़्ट भी खरीदने का इंतज़ाम भी करते। चारबाग़ की गुरुनानक मार्किट में जेटामल सिंधी हमारे लिफाफों का खरीददार था। यह दुकान दोपहर बाद खुलती और रात १२ के बाद बंद होती थी। कई बार आर्डर पर बांसी पेपर के लिफ़ाफ़े भी बनाये। कभी कभी लेखन से भी पच्चीस-तीस रुपए मिल जाते। १९७४ में जब हमें नौकरी मिल गई तो लिफ़ाफ़े यह काम छोड़ दिया।
इधर पिछले २५ साल से पॉलिथीन बैग्स ने कागज़ के लिफ़ाफ़े लगभग चलन से बाहर कर रखे हैं। लेकिन जैसे-जैसे पॉलिथीन के खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है कागज़ के लिफ़ाफ़े फिर दिखने लगे हैं। अब चूंकि हम पुराने लिफ़ाफ़ेबाज़ हैं। इसलिए कागज़ के लिफ़ाफ़े को बड़ी गौर से देखते हैं। ज्यादातर अखबारी कागज़ इस्तेमाल हो रहा है। इसलिए मज़बूती नहीं है और बनाने की क्वालिटी भी घटिया है। लिफ़ाफ़े नीचे से खुल जाते हैं।

Sunday, June 28, 2015

धरम को मीना ने बनाया हीमैन।

धरम को मीना ने बनाया हीमैन।
-वीर विनोद छाबड़ा
लुधियाने के सीधे-साधे धर्मेंद्र को फिल्मफेयर ने न्यू टैलेंट घोषित किया। लगा कामयाबी कदम चूमेगी। मगर ऐसा नहीं हुआ। इस द्वारे से उस द्वारे। कोई पिंड जा कर कुश्ती लड़ने की सलाह देता तो कोई ठंड रखने की। थक गया धरम। बोरिया-बिस्तर समेट घर वापसी की तैयारी कर ली कि अर्जुन हिंगोरानी ने ऑफर दिया- दिल भी तेरा हम भी तेरे। फिर अनपढ़, पूजा के फूल आदि कुछ फ़िल्में की। 'आई मिलन की बेला' टर्निंग पॉइंट बनी। हीरो राजेंद्र कुमार के साथ सेकंड लीड। धरम पहली बार बेहद खूबसूरत दिखे। प्रोड्यूसर-डायरेक्टर किवाड़ खड़खड़ाने लगे।

फिर एक और टर्निंग पॉइंट आया। ओपी रल्हन ने 'फूल और पत्थर' की स्क्रिप्ट लेकर जीजा राजेंद्र कुमार को अप्रोच किया। राजेंद्र पहले ही रल्हन की 'प्यार का सागर' और 'गहरा दाग' कर चुके थे। राजेंद्र बेहतरीन जेंटलमैन थे। बोले - इसके लिए धरम फिट रहेंगे।
जाने क्यों रल्हन को धरम पसंद नहीं थे। मगर झक मार कर कास्ट करना पड़ा। नायिका थी -मीना कुमारी। उनके साथ धरम 'मैं भी लड़की हूं' और 'पूर्णिमा' कर चुके थे और 'काजल' फ्लोर पर थी जिसमें वो उनके भाई की भूमिका में थे।
कहते हैं 'फूल और पत्थर' से धरम और मीना में कुछ ऐसी नज़दीकियां बनीं कि अफ़साने बने और फिर फ़साने।  तब तक मीना का कमाल अमरोही से तलाक भी हो चुका था। विनोद मेहता की मीना की ज़िंदगी पर लिखी किताब में इसका खासा खुलासा है। लुबे-लुबाब यह कि मीना की ज़िंदगी में धरम कुछ इस तरह रच-बस गए थे कि वो धरम के बिना उनका जीना दुश्वार था। मीना ने धरम को बेरहम फ़िल्म इंडस्ट्री में जीने की तमीज़ सिखाई। उनका शीन-काफ़ और तल्लफ़ुज़ दुरुस्त किया।
कमाल अमरोही को मीना की धरम से नज़दीकियां पसंद नहीं थीं। उन्होंने 'पाकीज़ा' से धरम को हटा कर राजकुमार को लिया। मीना बहुत नाराज़ हुई।
उन दिनों राजकुमार बड़ा नाम थे और बेहतर एक्टर भी। अच्छा ही किया। 'आपके पैर बेहद खूबसूरत हैं। इन्हें ज़मीन पर मत रखियेगा। मैले हो जायेंगे।' सदी का यह मशहूर डायलॉग राजकुमार की किस्मत में था।
धरम भी मीना के बिना अधूरे थे। मगर कुछ का कहना है कि धरम ने खुद को प्रमोट करने के लिए मीना का इस्तेमाल किया। जब मीना को उनकी सख्त ज़रूरत थी तब वो हेमा के लिए उन्हें छोड़ कर चले गए।
बहरहाल, फूल और पत्थर में आया एक अहम शूट। सीन कुछ यों था। बीमार मीना बिस्तर पर लेटी हैं। रात का वक़्त। आंधी-तूफान का माहौल। नशे में बुरी तरह धुत्त धरम चाल में घुसते हैं। मीना पर नज़र पड़ी। आंखों में वासना तैरी। उन्होंने अपनी कमीज उतारी। पहली बार किसी हीरो की मांसल देह दिखी लोगों ने। फिर धरम ने वो किया जिसने हज़ारों-लाखों का दिल जीत लिया। अपनी शर्ट ठंड से कांपती बीमार मीना पर डाल दी। और इस तरह एक हीमैन का जन्म हुआ।

Saturday, June 27, 2015

थैला युग की वापसी।

-वीर विनोद छाबड़ा
हमारी लेन में  नुक्कड़ पर प्रभुजी रहते हैं। सेवानिवृत हो चुके हैं। उनके बारे में आज भी वही आम धारणा जो ३३ बरस पहले थी। खड़ूस, नसुड्ढा, खूसट और मक्खीचूस। सुबह-सुबह सामने पड़ जायें तो सारा दिन ख़राब। लेकिन मेरे लिये उल्टा है। सारा दिन बल्ले ही बल्ले।
मैं प्रभुजी को हमेशा से भद्रपुरुष मानता आया हूं। इसकी वज़ह है उनके हाथ में टंगा फटी-पुरानी पैंट से बना थैला। थैला उनकी पहचान है। बिना थैले के राह चलते मिल जायें तो कदाचित पहचान भी न सकूं। वस्तुतः वो और थैला, किसी युग-पुरुष की आकृति की ही याद नहीं दिलाती, बल्कि मुझे अपने युग में वापस ले जाती है।

यह वो ज़माना था जब पैंटें चूतड़ या घुटने से घिस-पिट जातीं, उनकी डिज़ाइन पुरानी पड़ जाती तो इन्हें चीर-फाड़ कर थैला बना दिया जाता। सिलाई-कढ़ाई में निपुण महिलाएं तो क़तर-ब्यौंत करके छोटे-बड़े एक-दो थैले निकाल लेतीं। किसी के हाथ में दोरंगा थैला दिख जाता तो लोग समझ जाते कि बुरी तरह घिसी दो पैंटों से निकला है।
सत्तर-अस्सी के दशक में हमारे दफ्तर के कई बाबू लोगों की शोभा होते थे ये थैले। कभी थैले में थैला भी होता। सब्ज़ी और परचून का सामान लेते हुए घर लौटना होता। बाज़ तो खामख्वाह ही शाम देर से दफ्तर से निकलते। यह समय सब्ज़ी वालों की घर वापसी का होता था। बची-खुची सब्ज़ी सस्ते-मद्दे में बेचने की जल्दी रहती थी उन्हें।
ब्यासी की शुरुआत में जब हम इंदिरा नगर आये तो नयी कॉलोनी होने के कारण सब्ज़ी पांच किलोमीटर पहले निशातगंज में मिलती थी। दफ्तर से लौटते हुए सब्ज़ी लेनी पड़ती। सबसे पहले आलू और प्याज़। फिर कद्दू और लौकी। गाज़र। बाकी सब्ज़ियां - भिंडी, तुरई, मटर, परवल और सबसे आख़िर में टमाटर और नीबू। और उसके ऊपर फ्री की हरी धनिया और मिर्ची। एक छोटे परिवार के लिए इतने सामान के लिए एक थैला काफी होता। 
ऐसा ही परचून की दुकान पर होता। कई लिफाफों को सहेज कर एक थैले में रख लेते और फिर साइकिल के हैंडल के दोनों तरफ़ टांग कर घंटी बजाते हुए घर लौटते। पत्नी और बच्चे दरवाज़े पर इंतज़ार करते होते। फिर बच्चों में थैलों को उतारने के लिए छीना-झपटी धक्का-मुक्की।
हमारे पास एक सुवेगा मोपेड भी होती थी। कभी-कभी उसका भी इस्तेमाल होता। एक बार हमने पांच किलो तेल का डिब्बा मोपेड के कैरियर में फंसा दिया। एक छोटा सा गड्डा। ध्यान नहीं दिया। मोपेड उछली। तेल का डिब्बा सड़क पर गिरा और फट गया। सारा तेल सड़क पर फैल गया। उस दिन हमें थैले की बड़ी शिद्दत से याद आई।
कोई काम हो या न हो। हाथ में एक अदद छोटा मोटा थैला और बांधने के लिए थोड़ी सी रस्सी ज़रूर होना चाहिए। भले ही लोग थैला बाबू कहें। हमारी बरसों थैला बाबू टाइप स्थिति रही। एक दिन हमने ध्यान से आईना देखा। हमें अपनी शक्ल में थैले की आकृति दिखाई दी। इससे पहले कि दुनिया हमें पागल घोषित करती शुक्र है कि ऊपर वाले ने हमारी सुन ली। पॉलिथीन बैग का युग शुरू हो गया। खाली हाथ निकलो। एक बड़े बैग में कई छोटे-छोटे बैग।

Wednesday, June 24, 2015

अथ श्री इमरजेंसी कथा!

-वीर विनोद छाबड़ा
देश में इमर्जेंसी लागू होने के दिन मैं दिल्ली में था।
सुबह के अख़बार आधे ब्लैंक थे। विपक्ष के तमाम नेता जेल भेज दिए गए। दिन भर शहर घूमता रहा। डर का वातावरण व्याप्त था। किसे शक़ के आधार पर बंद कर दिया जाए।
शाम गंगा-जमुना से लखनऊ लौटना हुआ। उस दिन ट्रेन राइट टाइम चली। कुछ नौजवान बहुत इंदिराजी और संजय गांधी को लेकर चिल्ल-पों कर रहे थे।

गाज़ियाबाद पर ट्रेन रुकी। कुछ पुलिस वाले आये। नौजवानों को घेर लिया। ज्यादातर ने माफ़ी मांग ली। लेकिन दो धर लिए गए। मैं भी डर गया था। शुक्र था कि मेरी सीट उनसे हट कर थी। मेरी नई-नई सरकारी नौकरी थी। अंदर हुए नहीं कि गयी नौकरी।
सुबह टाइम पर ट्रेन लखनऊ पहुंची। यह ट्रेन का टाइम पर छूटना और फिर टाइम पर पहुंचना ज़रूर सुखद आश्चर्य था।
फटाफट नहा-धोकर टाइम पर दफ्तर पहुंचा तो अटेंडेंस १००% थी। यह एक और घोर और सुखद आश्चर्य था। इमर्जेंसी की जम कर धज्जियां उड़ाई जा रहीं थीं। मैं तो डररहा था। न जाने कोई एलआईयू का आदमी जासूसी कर रहा हो।
अफवाहों का बाज़ार खूब गरम था। हम लोग कमरा अंदर से बंद कर चटकारे ले ले कर सुनते और बहस करते थे।
इमर्जेंसी के दौरान बाबू सबसे दुखी प्राणी था। उसे रोज़ के रोज़ काम करके देना होता था। एरियर क्लीयरेंस ड्राइव चलाये गए। कई छुट्टियों में दफ़्तर आना पड़ा।
कइयों की पत्नियों ने हथियार डाल दिए - हमसे नहीं बनता इत्ती जल्दी खाना। खुद बनाओ या जाओ भूखे।
मैं खुद कई बार बिना नाश्ता-पानी के ऑफिस आया। मां इधर-उधर की बातें करने बैठ जाती। मैं बिगड़ता था तो कहती - शादी कर दूंगी तेरी।
मैं डर जाता। अभी तो मौज-मस्ती के दिन हैं। दोस्तों के साथ शिमला घूमने जाना है। यों भी पत्नी वाले दोस्तों को खुश नहीं देखता था। हमारे साथ न फ़िल्म देखें और न हज़रतगंज घूम पाते।
एक दिन ऑफिस में फ़रमान आया - नसबंदी कराओ। नहीं तो इन्क्रीमेंट नहीं मिलेगा।
मैं परेशान - मेरी तो शादी ही नहीं हुई।
उदास हो गया। लगा कि गए काम से। मेरे साथ एक और भी मेरा जैसा था। दोनों मिल कर जुगाड़ ढूंढने लगे। लेकिन जल्दी साफ़ हो गया कि कुंवारे लोग बचे रहेंगे।
एक दिन क्या हुआ कि हम चार-पांच दोस्त रात के सन्नाटे में चारबाग इक्का-तांगा स्टैंड के पास खड़े सिगरेट पी रहे थे। गश्ती पुलिस ने घेर लिया। हमने विनती की कि हम मां-बाप से छुप कर सिगरेट पीते हैं, इसलिए इधर सन्नाटे में खड़े हैं। इंस्पेक्टर शरीफ़ था। हंसने लगा। फिर अचानक उसने पैंतरा बदला और गुस्से में बोला -  कल से यहां दिखना नहीं। मीसा में अंदर कर दूंगा। 
जब तक इमर्जेंसी का आतंक रहा पुलिसवाले को देखते ही सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती। नाईट-शो का शौक भी छोड़ दिया।
एक दिन हमने सत्ता को चुनौती देती फिल्मों पर ज़बरदस्त लेख लिखा - जिन्हें नाज़ था हिंद पर वो कहां हैं?

Monday, June 22, 2015

मुंह से कम, इशारों से बात ज्यादा!

-वीर विनोद छाबड़ा 
बचपन के कुछ साथी आज भी याद हैं। उनमें एक हैं विपिन विरमानी। इधर कई दिन से उनकी बड़ी शिद्दत से याद आ रही। लखनऊ की टेड़ी पुलिया, आलमबाग में का मेडिकल स्टोर हुआ करता था।

बड़े विचित्र प्राणी हुआ करते हैं विपिन । मुहं से कभी कभार ही बात करते हैं।  हाथ के इशारे से या/और चेहरे पर भाव-भंगिमा बना कर बात करना ज्यादा पसंद करते हैं। कभी भवें चढ़ा कर तो कभी होंट बिचका कर भी।
उनके पिता का देहांत हुआ। मैं अफ़सोस करने गया। दुखी ह्रदय से उनके पिता का स्मरण किया। उन्होंने पेंडुलम की तरह सर हिलाया, आंखें ऊपर चढायीं और दोनों हाथ आकाश की ओर उठा दिए।
एक बार किसी बात पर उन्होंने आंखें बड़ी की, उंगली होटों पर रखी और दूसरे हाथ से पंखा झलने लगे। यानी चुप रहो। सीक्रेट। न हवा आने दे और न जाने दे।  
गणेशजी की याद आई तो नाक को हाथ छू कर हवा में डाउनवर्ड लहरा दिया।
इसी तरह हनुमान जी का ज़िक्र करने के लिए हाथ पीछे छुआ और अपवर्ड लहरा दिया।
त्याग, करुणा, क्रोध, विद्रोह, हास्य, विछोह, मिलन, रहस्य आदि बेशुमार भाव व्यक्त करने की भंगिमाएं आवश्यकतानुसार सेकंड भर में चेहरे, आंखों, माथे आती-जाती त्योरियों से व्यक्त कर देते थे। कई भावों को दांत पीस कर भी व्यक्त किया। हाथ का प्रयोग उस भाव भंगिमा के प्रभाव को बढ़ाने के लिए करते ही थे। मुझे यकीन था कि उनके तरकस में शास्त्रों में उल्लिखित समस्त रसों और भावों से कहीं ज्यादा तीर थे। वो मुझे हमेशा महान विदूषक चार्ली चैपलिन की याद दिलाया करते। मैं अक्सर सोचा करता था अगर मैं कभी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर बना तो उन्हें ज़रूर कास्ट करूंगा।
एक दिन मैंने पूछा - भगवान ने मुंह में जुबान दी है? कब इस्तेमाल करोगे।
उन्होंने जवाब दिया - यार ये जीभ ही हर झगड़े की जड़ है। मैंने उसे कहा कुछ और अगले ने समझा कुछ और। या यों कहो वही समझा जो उसने समझना चाहा। शुरू हो गया झगड़ा। ऐसा ही मैं भी हो सकता हूं। फिर कुछ की आदत होती है बातचीत में शब्द पकड़ते की। बाकी सब ताक पर। इसीलिए भाई, अपना असूल है न बोलो और न सुनो। न रहे बांस न रहे बांसरी।

Saturday, June 20, 2015

मुद्रा राक्षस - लोहा इंसान।

-वीर विनोद छाबड़ा
मुद्रा राक्षस। एक क्षीण काया। विलक्षण प्रतिभा से भरपूर चलता-फिरता कभी न ख़त्म होने वाला अजूबा खज़ाना। हिंदी साहित्य की अमूल्य निधि।
लखनऊ में मुद्राजी के ८२वें जन्मदिन की पूर्वसंध्या पर साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों की भीड़ जमा हुई।

मंच का संचालन करते हुए कौशल किशोर ने नाट्य, मंचन, कहानी उपन्यास, आलोचना, संपादन, पत्रकारिता से जुड़े मुद्राजी को समाज के बीच का वो एक्टिविस्ट बताया जो हर जनसंघर्ष में जन के साथ है। स्थापित चिंतन से टकराता है।
वीरेंद्र यादव ने बताया कि मुद्राजी ने आपतकाल के विरोध में रेडियो की भली-चंगी नौकरी छोड़ उपन्यास लिखा 'शांतिभंग', जिसमें आपतकाल की भयानकता अनावृत हुई। एक नया रचनात्मक अवतार हुआ। अमेरिका के वियतनाम पर हमले के विरुद्ध वो झंडा लेकर चले। दलित विमर्श के मुद्दों पर बहुत मुखर रहे। वामपक्ष के चिंतक के रूप में उभरे। जब वो युवा थे तो नामवर जी ने उनके अतिवादी पहलुओं का विश्लेषण कर उन्हें जीनियस बताया। आलोचना के प्रति वो सहिष्णु हैं। साहित्यिक जगत उनसे सदैव आतंकित रहा।
उर्मिल कुमार थपलियाल ने बताया कि मित्रों और विरोधियों के साथ मुद्रा जी असहमत हो सकते हैं लेकिन मुद्राजी को नज़रअंदाज़ करना नामुमकिन है। उन्होंने दर्पण नाट्य संस्था के लिए मुद्राजी द्वारा लिखे नाटक 'गुफाएं' को याद करते हुए कहा कि मुद्राजी को समझे बिना यह नाटक करना बहुत मुश्किल था।
प्रो.रमेश दीक्षित की नज़र में मुद्राजी किसी साहित्यकार का नहीं अपितु प्रतिबद्धता का नाम है। हाशिये के लोगों के नायक हैं। जब-जब सत्ता हावी हुई तो उसको मुद्राजी ने ठेंगा दिखाया। जितनी आलोचना मुद्राजी को सहनी पड़ी है किसी अन्य को नहीं। मुद्राजी की कविताओं और शास्त्रीय संगीत में रूचि को भी उन्होंने याद किया।
तद्भव के अखिलेश का मानना है कि मुद्राजी को जानना बेहद कठिन काम है। आप जैसा सोच रहे हैं, अगले पल मुद्राजी कुछ और करते दिखते हैं। सबको चुनौती देते हुए ठीक विपरीत खड़े होते हैं। विचारों और शब्दों में एक जैसी उष्मा है। स्थापित धारणाओं, चाहे मार्क्सवाद ही क्यों न हो, को विध्वंस करते हैं। उनके विचार और व्यवहार में समानता है। उनमें वर्चस्ववादी प्रतिष्ठान से टकराने की हिम्मत है। वो लोहा इंसान हैं।
राकेश मुद्राजी को हर विचारधारा में रहते हुए एक अलग मुकाम पर देखते हैं। हर चिंतन पर सवालिया निशान लगाते हैं। अनहद में आराम से खड़े हर तथ्य का परीक्षण करते हैं। उनका अंदाज़े बयां और है। आचरण और व्यवहार में अंतर नहीं। उन्हें कोई करोड़ भी दे तो वो विचार नहीं बदलते। कबीर हैं वो, जो मुल्ला-पंडितों के पाखंड का बेलौस विरोध करते हैं। बकौल उनके कविता-कहानी-नाटक से कुछ नहीं होगा। विचार से बदलाव होगा। विचार ने ही युगों को दिशा दी है। विचार नहीं मरता। मस्तिष्क नहीं मरता। जितना ज्यादा इस्तेमाल होता है उतना ही प्रखर होगा।
सुभाष राय ने याद किया कि मुद्राजी व्यवहारिक दृष्टि से बेहद सरल और स्पष्ट हैं। उनके समाचार पत्र में वो बराबर लिखते रहे। मौजूदा और आने वाले दिनों में उनके जैसे उच्च स्तर के विचारों के मार्गदर्शन की सख्त ज़रूरत है।

रवींद्र वर्मा की दृष्टि में सार्थकता के प्रतीक हैं मुद्राजी। अपने पर किसी को हावी नहीं होने दिया। शरीर से वो कम कमजोर हैं मगर मस्तिष्क से बहुत सजग हैं। उन्होंने कामना की कि वो सौ तक जीयें और बराबर सृजन और चिंतन करते रहें।
शैलेंद्र सागर मुद्राजी में unpredictable personality पाते हैं। वो बहुत जल्दी रूठते हैं। मगर उनका रूठना बालसुलभ होता है। बड़ी जल्दी मान भी जाते हैं। 'कथाक्रम' को उन्होंने बहुत स्नेह दिया। दलित चिंतन पर 'कथाक्रम' के विशेषांक का उन्होंने संपादन किया था। बरसों हो गए लेकिन आज भी इस अंक की मांग है। उनकी दलित मुद्दों पर विश्लेषणात्मक सोच है। हैरानी होती है कि कोई व्यक्ति इतना विविधितापूर्ण अध्ययन कैसे कर सकता है। हिंदी साहित्य में ऐसा लेखक और व्यक्तित्व दूसरा नहीं है।
कामरेड अशोक मिश्र की नज़र में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जिसे मुद्रा जी ने चुनौती न दी हो। वो जननायक हैं। दूरदराज के इलाकों में भी उनकी पहचान है। उरई में शहीद अशफ़ाक़ उल्लाह खां की याद में स्कूल की आधारशिला रखने के लिए मुद्राजी की मांग गई। इनके विचार सबके लिए एक आतंक की तरह चुनौती हैं। यकीन है कि इनका विद्रोही मन अंत तक लड़ेगा।
अजय सिंह मुद्राजी के विचारों भावावेश और अतिरेक पाते हैं। उन्होंने बताया कि मुद्राजी तस्लीमा पर लेख लिखा। असहमत होते हुए मैंने भी लिखा। मुद्रा जी ने फ़ोन की किया कि जो तुमने लिखा वो सही है और जो मैंने लिखा वो भी सही है। लोकतंत्र में असहमति होनी चाहिए। मुद्राजी इसका प्रतिनिधित्व करते हैं। वो प्रिय भी हैं और दूर भी। यही विशेषता है। इनका चिंतन भावावेशी है।
शकील सिद्दीकी ने फ़रमाया मुद्राजी के आतंक का अहसास तब तक है जब तक कि आप इनसे दूर हैं। असहमति के विवेक को लंबे समय तक बनाये रखना एक विलक्षण प्रतिभा है। निश्छल व्यक्ति हैं। बड़े से बड़े अपराध को भी सरलता से क्षमा कर देते हैं। संकटों के समय अन्याय के विरुद्ध बोलते रहे। उर्दू को दूसरी भाषा का दर्जा दिलाये जाने के मुद्दे पर मजबूती से साथ दिया। मुद्राजी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हैं। वहां के लोगों को लगता है कि उनकी तरह ज़ुल्म सहने वाले व्यक्ति की आवाज़ हैं वो। बिलकुल अपने से हैं। उर्दू में अनुदित उनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं।
वंदना मिश्र ने बताया कि श्रीलाल शुक्ल तरह मुद्राजी में भी शास्त्रीय गायन की विलक्षण प्रतिभा है। पाकिस्तान में उनके कहानी संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी रचनायें हदों को लांघती हैं। उनका लेखन मानवता पक्ष को इंगित करता है। संस्मरणों का खजाना हैं वो।

Friday, June 19, 2015

लाइफटाइम अचीवमेंट!

-वीर विनोद छाबड़ा
आख़ीर वही हुआ जो पहले नहीं हुआ था।
रात बैचेनी शुरू हुई। फिर तीन बजे ढेर उल्टी। आराम मिला। सोचा अब नींद आ जाएगी। ज्यादा घी-तेल और मसालेदार खाने के कारण पहले भी कई बार हो चुका है। कोई नयी बात तो है नहीं।
आंख लगी ही थी कि फिर पलटी। और फिर एक लंबा सिलसिला। हमने गौर किया रात का खाया-पिया सब बाहर आया ही पिछले चार दिनों का खाया भी बाहर हो गया।

मेरा अपना कमरा और अटैच टॉयलेट-बाथरूम है। मेमसाब को सुबह छह बजे ख़बर हुई। वही हुआ जो होना था। डांट-फ़टकार। रात देर तक क्यों जगते हो? क्या मिलता है फेस बुक पर? कल शाम दोस्त के घर गए थे। वहां क्या खाया था? बेकरी का सामान क्यों खाते हो? कोल्ड ड्रिंक क्यों पीते हो? एक-एक करके सब बाजारू आइटम गिना डाले। लेकिन अपना बनाया हुआ एक भी व्यंजन न बताया।
मेमसाब ने अपना घरेलू इलाज़ शुरू किया। उलटी रोकने वाली टेबलेट एक घूंट पानी के साथ। कोई असर नहीं हुआ। नमक चीनी का घोल। वो भी बाहर आ गया। बीपी - हाइपरटेंशन की दवा भी नहीं ले पाया। बिना नाश्ता के कैसे लेता? पानी के दो घूंट तक तो रुक नहीं पा रहे थे। सबसे प्रिय पेय चाय तो बहुत दूर की बात।
किस डॉक्टर के पास चलें? आख़िर उस डॉक्टर पर मोहर लगी जो घंटे भर में ठीक कर देता है।
अब तक कमज़ोरी के कारण थकान बहुत आ चुकी थी। लेकिन कार ड्राइव करने की हिम्मत थी। मेमसाब ने मना कर दिया। रास्ते में भी उल्टी हुई तो? कहीं ठोक दोगे? मैं कैसे सम्भालूंगी? शुक्र है, मेमसाब को मेरी चिंता हुई! क्राइसिस में मेमसाब की फ़िक्र देखने लायक होती है। गर्व हुआ। गुड वाइफ।
एक दोस्त को फ़ोन किया। पता चला कि गाड़ी उनकी मेमसाब ले गयीं हैं। एक और को फ़ोन किया तो एंगेज मिला। तीसरे ने अटेंड ही नहीं किया। मेमसाब ने कहा फलाने को लगाओ। मैंने कहा - आये दिन तो वह अपनी गाड़ी ठोंकता फिरता है।
कुछ और फ़ोन ट्राई किये। सब एंगेज या आउट ऑफ़ रीच। भनभनाहट कि टाइम पर कोई नहीं मिलता। इस बीच उल्टियां भी रह-रह कर हो रही थी। अब खाया-पिया सब बाहर हो चुका था। सिर्फ़ पानी ही निकल  रहा था। मगर कमज़ोरी बहुत ज्यादा हो चुकी थी।    
इतने में मेमसाब पड़ोसी मित्र विजय भटनागर को बुला लाई। उसके पास न तो कार थी और न ड्राइविंग जाने। लेकिन वो सबसे समझदार निकला। मैन इन क्राइसिस। इतना टाइम क्यों वेस्ट कर रहे हो? कार वाला मिला भी तो उसका पेट्रोल फुंकवाओगे। वो ऑटो ले आया।
ऑफिस का टाइम। भीड़-भाड़ और जाम। कई जगह तो गऊ-माताओं का बीच सड़क पर डेरा। जैसे-तैसे पहुंचे डॉक्टर तक। वहां भी भीड़। नंबर लगा था। मैंने कहा तबियत ज्यादा ख़राब है। अटेंडेंट ने भी साथ दिया। लेकिन एक साब पसड़ गए। यहां सबकी तबियत ख़राब है। कोई शौक़िया नहीं बैठे। डॉक्टर ने सुन लिया। भला हो उसका कि फौरन बुला लिया।
इससे पहले कि डॉक्टर कुछ पूछे मेमसाब ने एक सांस में पूरा किस्सा बयां कर दिया कि तीन दिन पहले लगातार दो पार्टियों में गए थे।
डॉक्टर का पहला सवाल - ड्रिंक वगैरह किया।
यहां भी सर्टिफिकेट मेमसाब ने इशू किया - नहीं, मैं साथ थी। वैसे भी ये पीते नहीं।
उसके बाद फिर वही हुआ जो पहले कभी नहीं हुआ था। लाइफ में पहली बार भर्ती हुआ। इंट्रावीनस इंजेक्शन, वीगो और ड्रिप। मुझे ऐसा लगा कि किसी बड़े समारोह में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड मिल रहा है।
मुझे तो कुछ भी खाने को मना था। अस्पताल के पास रहने वाले दोस्त उदयवीर को फ़ोन किया। वो मेमसाब के लिए भोजन ले आया। बेटी घर में अकेली थी। एक और मित्र दीपक को फ़ोन किया ऑफिस से लौटते हुए मेमसाब को पिक करके घर पर ड्राप करदे। आश्चर्य यह कि सुबह इनमें किसी का मोबाइल नहीं लग रहा था।

Wednesday, June 17, 2015

एक आत्मकथा इस गधे की भी।

-वीर विनोद छाबड़ा
याद नहीं कि यह कथा किसी ने सुनाई थी या कहीं पढ़ी थी।
किशोरावस्था में कृष्ण चंदर की 'एक गधे की आत्मकथा' पढ़ी थी। कदाचित उसके कुछ गुण आ गए हों।
एक गधा हुआ करता था। उसका मालिक उसे कहता बेटा था मगर गधा समझ कर खूब काम लेता। कभी भरपेट खाने को नहीं दिया।
गधा चाहता तो भाग सकता था। उसका मालिक उससे कम बड़ा गधा नहीं था। अक्सर उसे बांधना भूल गया।
लेकिन वो नहीं भागा। अपनी गधेपंती के कारण नहीं। बल्कि इस उम्मीद में कि उसका मालिक अपनी बेटी को उससे ब्याह देगा। दरअसल वो अक्सर अपनी कम अक्ल बेटी को चेतावनी देता था - अगर तू इसी तरह गधापन दिखाती रही तो तेरी शादी इसी गधे से कर दूंगा।
लेकिन वो न सुधरी। एक दिन उसे गधे जैसे गुणों से भरपूर एक मानुष से ब्याह दिया गया। और द्वार पर बंधा गधा सपने ही देखता रहा।
वो अपने मालिक का दामाद नहीं बन पाया। मगर वो गधा ही क्या, जो उम्मीद छोड़ दे। शायद वो क्रिकेट का दीवाना था। जब तक आखिरी गेंद न डाल दी जाये तब तक इस खेल में कोई भी भविष्यवाणी खतरनाक हो सकती है।
वो बंधा रहा उस उम्मीद में कि शायद मालिक की बेटी अपने गधेनुमा पति से लड़-झगड़ कर वापस आ जाए और उसका चांस लग जाए। मगर यह मालिक की बेटी भी अपने पति से कम बड़ी गधी नहीं थी। कभी वापस न आई।
कई साल गुज़र गए। उम्मीद के सपने देखता गधा बूढ़ा हो चला था।
उसे ठीक से दिखता भी नहीं था। एक दिन वो घास चरते-चरते एक सूखे कुएं में जा गिरा। उसने खूब ढेंचू-ढेंचू किया। उसके मालिक ने उसकी आवाज़ सुनी। वो अपने कई साथियों को लेकर वहां पहुंचा जहां से आवाज़ आ रही थी। देखा उसका प्यारा गधा कुएं में गिरा पड़ा है। उसने अपने तमाम रिश्तेदारों, मित्रों और गांव वालों को बुला लिया और अनुरोध किया कि उसके प्यारे गधे को किसी तरह बाहर निकालने में मदद करें।
मालिक को एक सयाने ने सलाह दी कि अब यह बूढ़ा हो चला गधा तेरे किसी काम का तो रहा नहीं। मेरी मान तो मट्टी डाल और खिसक ले।
मालिक को बात समझ में आ गयी। कुछ कमाई तो हो नहीं रही इससे। उल्टा बोझ ही बना है। वो उसे वहीं दफ़न को तैयार हो गया।
उसने और बाकी लोगों ने उस कुएं में मट्टी डालनी शुरू की। लेकिन मानवों के बीच बरसों से रहते हुए गधा भी कुछ तो सयाना हो गया था। वो उनकी धूर्तता समझ गया। उसने तय किया कि वो उनके मंसूबों पर पानी फेर कर रहेगा।

Tuesday, June 16, 2015

इत्ते जूते मारूंगी कि सात पुश्तें गंजी पैदा होंगी!

-वीर विनोद छाबड़ा
लखनऊ यूनिवर्सिटी के हमारे दिनों का दौर घटनाओं और मस्ती से भरपूर रहा। कुछ विरह और तड़पने के दिन भी रहे।
जब कभी फ़्लैश बैक में जाता हूं तो एक-एक पल याद आता है। चित्त प्रसन्न होकर अंगड़ाइयां लेने लगता है। विरह के दिन याद कर उदासी भी छा जाती। दो अश्क़ भी भीतर ही भीतर बहा लेता हूं। दोस्तों से मिलने चल देता हूं। हाल-ए-दिल सुना लेता हूं। जी हल्का हो जाता है।
बात १९७१ से १९७३ के दरम्यान की है। यों तो अनेक लड़कियां साथ में थीं। कई दोस्त थीं। मगर इनमें एक विलक्षण थी।
नहीं, नहीं। वैलेंटाइन जैसी कोई बात नहीं थी। वो मुझसे तकरीबन एक फुट ऊंची रही होगी। चौड़ाई में मिनी एलीफैंट से कम नहीं। इस डील-डॉल की वज़ह से ही वो एनसीसी की कमांडेंट थी।
उस पर तुर्रा ये कि वो एक विधायक जी की लाड़ली बहिनजी। बात-चीत में काफ़ी कड़क और तल्ख़ । गुस्ताखी करने की तो फ़रिश्ते भी न सोचें। विधायक निवास में उनका डेरा था। इन सब तथ्यों के मद्देनज़र अपनी तरफ से तो कोई इश्क-विश्क जैसा एलिमेंट जन्म लेने की जुर्रत भी नहीं कर सकता था।
क्लास में उसकी हाज़िरी यदा-कदा वाली थी। अतः वो किसी न किसी सब्जेक्ट पर नोट्स के सिलसिले में जब-तब हमें अपने दौलतखाने पर याद फरमाती रहतीं। अब इस काम के लिए उन्होंने हमें ही क्यों चुना था, यह हम आज तक नहीं जान पाये। अब लड़की बुलाये और हम न जायें यह तो नारी जाति की तौहीन हुई न।
उस दिन क्या हुआ कि यूनिवर्सिटी में वो हमें गेट नंबर एक के पास मिल गयीं। इशारे से बुलाया। उन दिनों बड़े लोगों का हम जैसे फुकरों को बुलाने का यही अंदाज़ होता था। हम लपक के उनके पास पहुंचे।
सिचुएशन कुछ यों थी। उनका लहीम-शहीम कद। हम एक फुट नीचे। बात करते हुए उनकी नज़रें झुकी-झुकी और हमारी उठीं हुईं।
हमें कुछ अटपटा लगा। आजू-बाजू देखा। पास ही में एक ईंट दिखी। पैर से धीरे-धीरे उसे अपने पास खिसका लिया। और उस पैर रख कर खड़े हो गए। अब हम दोनों नज़रें मिला कर बात करने की स्थिति में लगभग आ गए।
आने-जाने वाले ये नज़ारा देख मंद-मंद मुस्कुराये बिना नहीं रह पाये। लेकिन कोई कमेंट नहीं। किसी को क्या मतलब?
तभी हमारे एक अज़ीज़ मित्र उधर से गुज़रे। इस मुद्रा में हमें देख कंट्रोल नहीं कर पाये। जोर से खिलाखिलाए ही नही बल्कि छींटा भी कसा - हॉय जोकर!
हमने तनिक झेंप कर हाथ हिला दिया।
लेकिन वो मिनी हथिनी यानी एनसीसी कमांडेंट बर्दाश्त नहीं कर पायी। गुस्से से लाल-पीली होकर और भी फूल गयी।
हमने कहा - जाने दीजिये। नादान है।
मगर वो बख़्शने के मूड में नहीं थी। हमारे उस मित्र को इशारे से बुलाया।
मित्र लपलपाते हुए आये। इस उम्मीद में कि सरकार कोई ईनाम या तमगा देगी।

Sunday, June 14, 2015

हुस्नलाल-भगतराम - तेरे नैनों ने चोरी किया…

-वीर विनोद छाबड़ा
एक छोटा सा दिलचस्प वाक्या पेश है जिससे पता चलता है नियति के खेल कितने निराले और क्रूर हैं।
चालीस और पचास के दशक में मशहूर संगीतकार जोड़ी थी पं.हुस्नलाल-भगतराम। फ़िल्मी दुनिया की पहली संगीतकार जोड़ी। उनके आर्केस्ट्रा में शंकर नाम का नौजवान सहायक होता था। संगीत का अच्छा ज्ञान था। वो अच्छा गाता भी था और ढोलक तो
बहुत ही अच्छी बजाता था। प्यार की जीत (१९४८) में शंकर ने तीनो ही काम किये। बहुत ही कामयाब फिल्म रही। लेकिन त्रासदी यह रहे कि शंकर ने एक और नौजवान संगीतकार जयकिशन के साथ शंकर-जयकिशन की जोड़ी बना ली। जैसे-जैसे ये कामयाबी के शिखर पर चढ़ते रहे हुस्नलाल-भगतराम परली तरफ से नीचे उतरते चले गए। बरसों बाद दोनों में बिखराव हुए और दुर्दिन के दिन आये। उस वक़्त भगतराम को अपने कभी चेले रहे शंकर के शंकर-जयकिशन के आर्केस्ट्रा में हारमोनियम बजाना पड़ा।
नयी पीढ़ी ने शायद जालंधर में जन्मे हुस्नलाल-भगतराम का नाम नहीं सुना होगा। लेकिन उनकी बनायीं धुनें ज़रूर सुनी होंगी - चुप चुप खड़े हो ज़रूर कोई बात.वो पास रहें या दूर रहें दिल में समाये रहते हैं.मांगी मोहब्बत पायी जुदाई, दुहाई है दुहाईतेरे नैनों ने चोरी किया मेरा छोटा सा जिया ओ परदेसियाओ दूर जाने वालेएक दिल के टुकड़े हज़ार हुए कोई यहाँ गिरा कोई वहां गिराजो दिल में ख़ुशी बन कर आयेदो दिलों को दुनिया मिलने नहीं देतीआंखों में आंसू होटों पे फरयाद ले चले.क्या बताएं कि मोहब्बत की कहानी क्या है.अपना ही घर लुटाने दीवाना जा रहा है.बिगड़ी बनाने वालेपास आके भी हम दूर हुए.आंख का तारा प्राणों से प्यारा
और राजेंद्र कृष्ण का लिखा रफ़ी की आवाज़ में सबसे प्यारा गैर-फ़िल्मी गाना - सुनो सुनो ऐ दुनिया वालों बापू की ये अमर कहानी
सुरैया, लता, अमीरबाई कर्नाटकी, जोहराबाई अंबालेवाली, गीतादत्त, आशा भोंसले, सुमन कल्याणपुर, शमशाद बेगम, निर्मला देवी, रफ़ी, जीएम दुर्रानी, तलत महमूद आदि अनेक जाने-माने गायकों ने हुस्नलाल-भगतराम के संगीत पर आवाज़ बिखेरी और राजेंद्र कृष्ण, मजरूह, सरशर सैलानी ने कलाम दिए।
क़मर जलालाबादी के साथ हुस्नलाल भगतराम की जोड़ी खूब जमी। कुल चौबीस फिल्मों में १०४ गाने लिखे।
सुप्रसिद्ध संगीतकार पंडित अमरनाथ ने छोटे भाई होते थे हुस्नलाल और भगतराम। इन दोनों का जन्म क्रमशः १९१४ और १९२० में हुआ। हुस्नलाल वॉयलिन के और भगतराम हारमोनियम के एक्सपर्ट थे। पं.दिलीप चंद्र वेदी से संगीत की ट्रेनिंग ली।  
१९४४ में 'चांद' से हुस्नलाल-भगतराम की जोड़ी नक्षत्र पर उभरी। एक रिकॉर्ड बना -भारतीय सिनेमा की पहली संगीतकार जोड़ी।
इनका सफ़र १९४९-५० में पीक पर था-१९ फ़िल्में। लेकिन इसके बाद शंकर-जयकिशन, सी.रामचंद्र, ओपी नैय्यर आदि के आगमन से उनकी बुलंदी पहले जैसी नहीं रही। सफ़र की रफ़्तार बहुत धीमीहो गई। बी और सी ग्रेड की फ़िल्में भी करनी पड़ी। और साठ का दशक आते-आते इनका सितारा गर्दिश में डूब गया। आपसी विवाद भी इसका एक प्रमुख कारण बना।