- वीर विनोद छाबड़ा
चालीस से साठ का दौर। सूट-बूट
के ऊपर ओवरकोट, सिर पर हैट और मुंह में
दबी सिगरेट से निकलता धुआं। फैली हुई आंखें। उठती-गिरती भवें और माथे पर चढ़ी त्योरियां।
उसकी एंट्री का अर्थ है कि आगे कुछ अच्छा नहीं होने जा रहा। वो ऊंचे स्वर में संवाद
नहीं बोलता है। क्रूर अभिव्यक्ति का यह एक निराला अंदाज़ है। इस स्टाईल के दम पर उन्होंने
वज़नदार मौजूदगी दर्ज करायी। नाम था कृष्ण निरंजन सिंह उर्फ़ के.एन. सिंह।
केएन सिंह ने एलएलबी किया
था। उहापोह में थे कि लंदन जाकर बैरिस्टरी करूं या फौज में भर्ती हो जाऊं। इस बीच उन्हें
अपनी बीमार बहन को देखने कलकत्ता आना पड़ा। वहीं बहनोई के माध्यम से पृथ्वीराज कपूर
से भेंट हुई। उन्होंने सलाह दी - बरख़ुरदार चेहरे मोहरे से ठीक-ठाक हो। सिनेमा बुरा
नहीं है।
थोड़ी हिचक के बाद वो मान
गये। देबकी बोस ने उनको ‘सुनहरा संसार’(१९३६) में पब्लिक
प्रासीक्यूटर की भूमिका दी। वकालत तो के.एन.सिंह के खून में थी। मगर साथ ही एक चुनौती
भी मिली। चार सफ़े के संवाद याद करने थे सिर्फ दो दिन के वक़्त में। पृथ्वीराज ने खूब
रिहर्सल कराई। ऐन शूट से पहले उन्होंने हौंसला बढ़ाया - तुम अच्छे नहीं, बहुत ही अच्छे
हो।
इस बीच दिल में ख्वाईश
पैदा हुई कि पृथ्वीराज जैसे बड़े आर्टिस्ट के सामने एक्टिंग की गहराई नापी जाये। जल्दी
इच्छा पूर्ण हुई। मगर मायूसी हुई कि उन्हें पृथ्वीराज के बाप का रोल करना है। पृथ्वी
से वो दो साल छोटे थे। लेकिन पृथ्वीराज ने कहा - कृष्ण मैं चाहता हूं कि तुम अदाकारी
के बाप बनो।
![]() |
| K.N Singh |
केएन सिंह को हीरो के लिये
कभी नहीं विचारा गया। कोई दुःख नहीं हुआ - एक एक्टर का काम सिर्फ एक्टिंग करना है।
हीरो हो या विलेन। ईमानदारी से किये काम को जनता रिस्पांस देती है।
जब केएन सिंह कलकत्ता से
बंबई आये तो याकूब सबसे कामयाब विलेन हुआ करते थे। एक इंटरव्यू में याकूब ने कबूल किया
कि अरे ये तो मेरा भी बाप है। पेश्तर इसके कि ज़माना नकारे, याकूब चरित्र भूमिकाओं
में आ गए।
केएन सिंह पर बांबे टाकीज़
की मालकिन देविका रानी मेहरबान हुई। पगार १६०० रुपया महीना और टैक्सी की सुविधा अलग।
ऐसा करारनामा उस ज़माने में सिर्फ ऊंचे कद की हैसीयत वाले आर्टिस्ट को ही नसीब था। इसकी
एक और वजह भी थी कि देविका पढ़े-लिखों का बहुत सम्मान करती थीं। और फिर केएन सिंह तो
फर्राटेदार अंग्रेज़ी और हिंदी भी बोलते थे।
वो एक बेहतरीन इंसान भी
थे। ताउम्र इस सिंद्धांत के कायल रहे कि जितना सीखा उसे साथ-साथ वापस भी करते चलो।
दिलीप कुमार की पहली फिल्म ‘ज्वार भाटा’ थी। सामने केएन
सिंह जैसा नामी विलेन को देख कर उन्हें दहशत
हुई। तब उन्होंने दिलीप का हौंसला बढ़ाया - हम सब ईश्वर के मामूली बंदे हैं, अजूबा नहीं।










