Friday, July 29, 2016

गर्व का कारण!

- वीर विनोद छाबड़ा
शहर का सबसे खूबसूरत पार्क था वो। वहां टहलने मात्र से इंसान को खुद खूबसूरत होने का अहसास होने लगता था। यहीं पर कोई साल भर पहले मनोहर लाल और मोहन लाल की मुलाक़ात हुई थी। जल्द ही जिगरी यार बन गए। सुबह मुलाक़ात होती थी। घंटो बातें होतीं। दरअसल, दोनों ज़िंदगी में तनहा थे। न कोई आगे और न पीछे। जो थे भी, तो दूसरे शहरों में। किसी को फुर्सत ही नहीं थी मिलने की। मोबाईल पर हेलो हो गई कभी कभी।

एक दिन मनोहर लाल सुबह वॉक पर नहीं आये। मोहन लाल ने सोचा कि कोई वजह होगी। अगले दिन भी मनोहर लाल नहीं दिखे। मोहनलाल ने सोचा कि बंदा बाहर निकल गया होगा। मोबाईल स्विच ऑफ मिला। तीसरा दिन और फिर चौथा दिन। मनोहर लाल नहीं दिखे। हफ़्ता गुज़र गया। मोहनलाल ने सोचा कोई रिश्तेदार गुज़र गया होगा। तेहरवीं करके लौटेगा।
मगर जब पंद्रह दिन गुज़र तो मोहन लाल परेशान हुए। मोबाईल अभी भी स्विच ऑफ चल रहा था। बंदे के घर का एड्रेस भी तो नहीं मालूम। रोज़ बात होती थी कि आज नहीं कल घर देख लेंगे। वक़्त-बेवक़्त ज़रूरत पड़ जाती है, लेकिन वो कल न आया कभी।
मोहन लाल ने पार्क में टहलने वाले कई और लोगों से बात की। सबने कहा कि मॉर्निंग वॉकर तो बस पार्क तक दोस्त होते हैं। हर कोई अपने ग़मों से दुखी है, दूसरों के घर के पते कहां तक संभालते फिरें। मोबाईल हैं तो इसीलिए। जब ज़रूरत हो फोन करो और पहुंच जाओ। अगर बंदा मोबाईल पर भी नहीं है तो समझ लो ऊपर निकल लिया। आओ चार बंदे अफ़सोस कर लेते हैं कहीं बैठ कर।
आज महीने से ऊपर हो गया है मनोहर लाल को गए। मोहन लाल अभी सोच ही रहे कि वो अब कभी नहीं लौटेगा कि वो दिख गया। थोड़ा दुबला दिख रहे थे, लेकिन चेहरे पर भरपूर चमक और जोश पहले से ज्यादा। मोहन लाल ने कस कर जफ्फी पायी। भावुक हो गए। कहां रह गए थे दोस्त? सब ठीक तो है न?
मनोहर लाल ने हाथ ऊपर उठाये। फर्स्ट क्लास हूं यार। खाने पीने में थोड़ी कमी हो गई। दरअसल, मैं जेल में था।

मोहन लाल को करेंट लग गया। जेल में?
मनोहरलाल ने बड़े गर्व से बताया - हां यार, बात ही कुछ ऐसी हो गई। हुआ यों कि प्रोविज़न स्टोर वाली लड़की ने मुझ पर रेप का इलज़ाम लगा दिया था। पुलिस पकड़ कर ले गई। अब मैं बुड्ढा बंदा, भला कैसे रेप कर सकता हूं? लेकिन मुझे बड़ा गर्व हुआ कि मुझ ८८ साल के बंदे पर रेप का चार्ज लगा है और मैंने कबूल जुर्म कबूल कर लिया। लेकिन डीएनए टेस्ट में फेल हो गया।

नोट - विदेशी घटना है, नाम भारतीय कर दिए हैं।
---
29-07-2016 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016 

No comments:

Post a Comment