Wednesday, August 5, 2015

और रावण नारा लगा रहा था - इंक़लाब, ज़िंदाबाद!

-वीर विनोद छाबड़ा
आज मैंने एक व्यक्ति देखा। ऊंचा मज़बूत कद-काठी। घनी और ऊंची उठी बड़ी काली मूंछें। आवाज़ भी भारी और बुलंद। बिलकुल वही है यह। मैं डाउन मेमोरी लेन में चला गया।

१९६० के आस-पास की बात है। लखनऊ के आलमबाग का वेजिटेबल ग्राउंड का इलाक़ा। रेलवे क्वार्टर्स की कॉलोनी। ज्यादातर पार्टीशन से आये रिफ्यूजी। यों भी करीब के चंदर नगर का इलाक़ा रिफ्यूजियों से भरा पड़ा था।
हर साल यहां रामलीला होती थी। बेहद भव्य और उस ज़माने के आधुनिक तकनीक से लैस। नए-नए प्रयोग भी होते रहते। इसमें रावण का पार्ट करने वाले का नाम था ओम प्रकाश। (नोट -उनका नाम हमें बहुत बाद में पता चला। बस रावण के नाम से ही पहचान थी।) हुलिया ठीक वही जो मैं ऊपर बयां कर चुका हूं। यह ओम प्रकाश दशरथ भी बनते थे। उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि एक हनुमान जी को छोड़ रामलीला के बाकी किरदार करने वाले आर्टिस्ट दब जाते थे।
अस्सी के दशक में जब रामानंद सागर का रामायण सीरियल दूरदर्शन चल रहा था। जब मैंने रावण बने अरविंद त्रिवेदी को देखा तो बेसाख्ता मेरे मुंह से यही निकला था - अपनी वेजिटेबल ग्राउंड वाले ओम प्रकाश होते तो कुछ और बात होती।
मैं भूल नहीं करता तो १९६० के आस-पास रेल कर्मचारियों ने ज़बरदस्त हड़ताल की थी - रेल का चक्का जाम।
चंदर नगर मार्किट में हम रहते थे। हमारे घर के सामने ही कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप का रनिंग शैड था जिसका आखिरी सिरा आलमबाग चौराहे पर ख़त्म होता था।
वो सुबह सुबह का टाइम था। चंदर नगर गेट के सामने ओम प्रकाश हड़ताल के पक्ष में धुआंधार भाषण दे रहे थे। वो रेल कर्मचारियों के बड़े और जुझारू नेता थे। ड्यूटी पर जा रहे वर्कशॉप कर्मचारियों की  भारी भीड़ उनके ओजस्वी भाषण को सुन रही थी। हम बच्चे लोग भी इसे तमाशा समझ आस-पास खड़े थे - रावण क्या ज़बरदस्त भाषण दे रहा है।

तभी जाने कहां से एक ट्रक आकर रुका वहां। ढेर पुलिस वाले लाठियां भांजते उतरे। भगदड़ मच गयी। हम बच्चे मारे डर कर भागे। पीछे मुड़ कर देखा। पुलिस ओम प्रकाश को पकड़ ले जा रही थी। वो चीख रहे थे - इंक़लाब, ज़िंदाबाद। साथ में भीड़ भी नारा लगा रही थी - ज़िंदाबाद, ज़िंदाबाद।
और हम बच्चे भागते हुए चिल्ला रहे थे - रावण को पुलिस पकड़ कर ले गयी।
ज्ञात हुआ है कि ओम प्रकाश जी उर्फ़ रावण अब इस दुनिया में नहीं हैं।
-----
05-08-2015 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016


No comments:

Post a Comment