Tuesday, April 19, 2016

छुपने वाले सामने आ...

- वीर विनोद छाबड़ा
कल हमें एक महिला मिलीं। हमारी सहकर्मी रही हैं। तक़रीबन हमारी हमउम्र भी।
जूनियर महिला सहकर्मियों की एक विशेषता होती है कि रिटायरमेंट के बाद भी शिष्टाचार नहीं भूलतीं। 'सर' कह कर ही बोलतीं हैं।

अच्छा है। लेकिन हम असहज हो जाते हैं। सीधा नाम से या सरनेम से या फिर भाईजी, भाई साहब या फिर पा'जी से भी पुकारा जा सकता है। बातचीत में थोड़ी सहजता और मधुरता आ जाती है।
यही बात हम उनको समझाने ही जा रहे थे कि वो बोलीं - सर, हम फेस बुक पर आपकी सारी पोस्ट पढ़ते हैं। आप बहुत अच्छा लिखते हैं।
आप कितने ही ऑफ मूड में हों, मगर इससे इंकार नहीं कर सकते कि प्रशंसा के दो शब्द आत्म-विभोर कर देते हैं। सारे गिले-शिकवे जाते रहते हैं। दिल, 'दिल मांगे मोर' वाले मोड में आ जाता है।
लेकिन तभी हमारे ज़हन में आया कि हमने इन महिला विशेष को कभी अपनी पोस्ट पर कमेंट करते नहीं देखा और लाईक करने वालों की सूची में भी नहीं पाया।  हमें यह भी याद आया कि यह तो हमारी मित्रमंडली में भी नहीं हैं।
इससे पहले कि हम जिज्ञासा व्यक्त करते वो समझ गईं। रहस्यमय अंदाज़ में बोलीं - हम 'हाईड मोड' में रहते हैं। हम सब देखते हैं और समझते भी हैं। लेकिन कहते नहीं हैं। अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं होने देते, चाहे वो दोस्त हो या दुश्मन।
हम हमेशा से महिलाओं के कुछ गुणों के प्रशंसक रहे हैं। एक, अविलंब यह जान लेना कि सामने वाले के दिल में क्या है। और दूसरे, उनमें छुप-छुप वार करने की अद्भुत क्षमता। 
हमारे भी दिल में आया कि उनसे कहें - ज़रा सामने तो आओ छलिये, छुप छुप छलने में क्या राज़ है....छुपने वाले सामने आ, छुप छुप के मेरा जी न जला....

लेकिन तभी हमें उनकी गुज़री बिंदास छवि याद आ गई। 'अनप्रेडिक्टेबल' रही हैं वो। पता नहीं कि किस बात पर और किस पर बिगड़ जायें।
हमें इस सत्य का भी ख़्याल आया कि वो और हम सिक्सटी थ्री प्लस हो गए हैं। इस उम्र में इंसान परिपक्व भी होता है और सठियाया भी रहता है। और फिर यह बात भी अभी बनी हुई है कि पुरानी आदतें मुश्किल से मरती हैं। इधर चैनल मीडिया वाले भी सुर्खियों वाली बाईट वास्ते कैमरे लिए बाज़ारों में घूमते-फिरते हैं।
इससे पहले कि टीवी चैनलों पर कोई ऐसी खबर प्रसारित हो कि भरी महफ़िल में एक बुढ़िया ने शरीफ़ बुड्डे को पीटा,  हम उन्हें धन्यवाद कहके चुपके से निकल लिए।
नोट - घटना सही है, लेकिन इसे अफ़साना हमने बनाया है।
---
19-04-2016 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016 

No comments:

Post a Comment